कैंसर के खिलाफ जागरूकता के साथ लड़ाई जरुरी-डॉ. जैन

विश्वस्तरीय और किफायती उपचार से महाकौशल क्षेत्र के मरीजों को मिल रही नई उम्मीद


Junaid Khan - शहडोल। जबलपुर महाकौशल क्षेत्र के प्रसिद्ध कैंसर विशेषज्ञ एवं सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. प्रशांत जैन ने कैंसर उपचार के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता और समर्पण से हजारों मरीजों को नई जिंदगी देने का कार्य किया है। टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल मुंबई से एम.सीएच. (सर्जिकल ऑन्कोलॉजी) की उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले डॉ. जैन वर्तमान में जबलपुर स्थित संजीवनी कैंसर केयर क्लिनिक में कंसल्टेंट ऑनकोसर्जन के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। डॉ. प्रशांत जैन का उद्देश्य कैंसर मरीजों को विश्वस्तरीय, आधुनिक एवं किफायती उपचार उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही वे कैंसर स्क्रीनिंग एवं जनजागरूकता अभियान को भी लगातार बढ़ावा दे रहे हैं, ताकि बीमारी की समय रहते पहचान हो सके और मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके। अपने लंबे चिकित्सा अनुभव के दौरान डॉ. जैन ने कई प्रतिष्ठित संस्थानों में सेवाएं दी हैं। वर्ष 2012 से 2020 तक वे जबलपुर के सिटी कैंसर सेंटर में कंसल्टेंट ऑनकोसर्जन एवं डायरेक्टर रहे, जहां उन्होंने महाकौशल क्षेत्र का पहला व्यापक कैंसर केयर सेंटर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त उन्होंने भोपाल के चिरायु मेडिकल कॉलेज में भी अपनी सेवाएं प्रदान कीं। डॉ. जैन ने एमबीबीएस की शिक्षा एनएससीबी मेडिकल कॉलेज जबलपुर से तथा एमएस (जनरल सर्जरी) गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल से पूर्ण की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के सर गंगा राम हॉस्पिटल में प्लास्टिक सर्जरी विभाग में सीनियर रेजिडेंट के रूप में कार्य किया और आगे टाटा मेमोरियल सेंटर मुंबई से सर्जिकल ऑन्कोलॉजी में विशेषज्ञता हासिल की। शहडोल के होटल सूर्य इंटरनेशनल में पत्रकारों से चर्चा करते हुए डॉ. प्रशांत जैन ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के पीछे नशे का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति नशे से दूर रहे तो कैंसर होने की संभावना बेहद कम हो जाती है। उन्होंने समाज में नशा मुक्ति को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि लोगों में यह भ्रम है कि कैंसर एक लाइलाज बीमारी है, जबकि वास्तविकता यह है कि यदि कैंसर का पता शुरुआती अवस्था में चल जाए और मरीज समय पर डॉक्टर के संपर्क में आ जाए तो उसके पूरी तरह स्वस्थ होने की संभावना काफी बढ़ जाती है। डॉ. जैन ने कहा कि सरकार द्वारा आयुष्मान योजना के तहत कैंसर मरीजों को पांच लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। यदि मरीज समय रहते अस्पताल पहुंचता है तो उसे इस योजना का बेहतर लाभ मिल सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कैंसर के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराते रहें। अपने अनुभव, आधुनिक उपचार पद्धतियों और सेवा भावना के कारण डॉ. प्रशांत जैन आज महाकौशल क्षेत्र के कैंसर मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरे हैं।

Previous Post Next Post