उत्पादन प्रदर्शन, कोयला गुणवत्ता प्रबंधन एवं पर्यावरणीय व्यवस्थाओं की सराहना की
Junaid Khan - शहडोल। 24 मई 2026 भारत सरकार के विद्युत सचिव पंकज अग्रवाल ने संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंहपुर का एक दिवसीय दौरा कर विद्युत उत्पादन क्षमता, संचालन दक्षता तथा कोयला लोडिंग, सैंपलिंग एवं परीक्षण प्रक्रियाओं का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने विद्युत गृह की उत्पादन उपलब्धियों एवं परिचालन प्रणाली की सराहना करते हुए इसे विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का उदाहरण बताया। दौरे के दौरान विद्युत सचिव ने मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह एवं वरिष्ठ अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक कर विद्युत उत्पादन से जुड़े तकनीकी एवं परिचालन विषयों पर चर्चा की। उन्होंने संयंत्र में कोयले की गुणवत्ता, आपूर्ति प्रक्रिया तथा परीक्षण तंत्र की जानकारी लेते हुए अभियंताओं से व्यावहारिक चुनौतियों पर भी चर्चा की। समीक्षा बैठक में प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने कोयले की लोडिंग, अनलोडिंग, सैंपलिंग एवं परीक्षण प्रक्रिया का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। साथ ही कोल वॉशरी संचालन एवं निस्तारण व्यवस्था की जानकारी साझा करते हुए विद्युत उत्पादन संयंत्रों के समक्ष कोयले की गुणवत्ता एवं ग्रेड निर्धारण से जुड़ी चुनौतियों को प्रमुख विषय के रूप में रखा। विद्युत सचिव पंकज अग्रवाल ने कोयले की गुणवत्ता एवं ग्रेड विभेद संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक एवं व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कंपनी द्वारा अपनाई गई फ्लाई ऐश प्रबंधन एवं निस्तारण व्यवस्था की भी विशेष सराहना की तथा श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह में विकसित प्रणाली को अनुकरणीय मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी की उत्पादन इकाइयाँ उच्च दक्षता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। गुणवत्ता आधारित संचालन तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में कंपनी के प्रयास उल्लेखनीय हैं। प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने कहा कि विद्युत सचिव का यह दौरा बिरसिंहपुर एवं कंपनी के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि कंपनी की तकनीकी उत्कृष्टता एवं विश्वसनीय विद्युत उत्पादन के प्रति प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिलना समस्त अभियंताओं एवं कर्मचारियों के लिए उत्साहवर्धक है। दौरे के दौरान विद्युत सचिव पंकज अग्रवाल, प्रबंध संचालक मनजीत सिंह तथा वरिष्ठ अधिकारियों ने विद्युत गृह परिसर में वृक्षारोपण भी किया। पंकज अग्रवाल ने बिरसिंहपुर परिसर में विकसित हरित वातावरण, स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन की सराहना करते हुए इसे सतत एवं उत्तरदायी औद्योगिक संचालन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। इस अवसर पर डायरेक्टर टेक्निकल सुबोध निगम, कार्यपालक निदेशक उत्पादन एच.के. त्रिपाठी, मुख्य अभियंता संचालन एवं संधारण उदित अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रशिक्षण एवं विकास अशोक कुमार तिवारी सहित कंपनी के अन्य वरिष्ठ अभियंता एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
