शहडोल में अवैध धंधों और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ कांग्रेस की 'सर्जिकल स्ट्राइक,जन समस्या निवारण प्रकोष्ठ की नई टीम घोषित

जीतू पटवारी और विवेक सिंह तोमर के निर्देश पर पुष्पराज सिंह ने संभाली कमान; ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक आक्रामक चेहरों की हुई नियुक्ति, 


Junaid Khan - शहडोल। मध्य प्रदेश में लगातार बढ़ती जन-समस्याओं, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लचरता के खिलाफ मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस अब पूरी तरह से आर-पार के मूड में आ चुकी है। इसी कड़ी में शहडोल संभाग और जिले में व्याप्त जनविरोधी नीतियों, अवैध उत्खनन, और जमीनी स्तर पर जनता के शोषण को रोकने के लिए कांग्रेस संगठन ने एक बड़ा दांव खेला है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी के कड़े रुख और संगठन प्रभारी संजय कामले की सहमति से, जन समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री विवेक सिंह तोमर एवं जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के अध्यक्ष श्री अजय अवस्थी के रणनीतिक निर्देशों के बाद जिले की नई और आक्रामक कार्यसमिति की सूची सौंप दी गई है। जन समस्या निवारण प्रकोष्ठ के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष श्री पुष्पराज सिंह द्वारा ब्लॉक अध्यक्षों एवं जिला पदाधिकारियों की इस सूची को अंतिम रूप देकर नियुक्तियों का अनुमोदन कर दिया गया है। कांग्रेस के इस नए और धारदार संगठन के सामने आते ही जिले के भ्रष्ट अधिकारियों और अवैध धंधों में लिप्त माफियाओं की नींद उड़ गई है। क्षेत्रीय मीडिया में लगातार उजागर हो रही जन-समस्याओं और प्रशासनिक उदासीनता के बाद विपक्ष का यह कदम शहडोल की स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में बड़ा असर दिखाने लगा है। पहले प्रकाशित हुईं कुछ गंभीर खबरों का संज्ञान लेते हुए अब कांग्रेस का यह प्रकोष्ठ सीधे मैदान में उतरने जा रहा है। नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए वरिष्ठ नेतृत्व ने साफ संदेश दिया है कि यह टीम केवल कागजी नहीं, बल्कि सड़कों पर उतरकर जनता के हक की लड़ाई लड़ेगी। यह नई फौज जिले में चल रहे अवैध रेत खनन, परिवहन, जमीनों पर कब्जे और सरकारी दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ सीधे प्रशासन को चुनौती देगी। नेतृत्व को पूरी उम्मीद है कि इस आक्रामक विंग के गठन से न केवल पीड़ित जनता को न्याय मिलेगा, बल्कि कांग्रेस पार्टी संगठन की साख भी नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी। नवगठित टीम के तेवरों से साफ है कि अब शहडोल में फाइलों को दबाकर बैठने वाले अफसरों और सत्ता के संरक्षण में फल-फूल रहे माफियाओं की खैर नहीं है। जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अगुवाई में तैयार हुई यह ब्लॉक और जिला स्तरीय टीम सीधे तौर पर जन-अदालत लगाने की तैयारी में है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो इस नए संगठन का सीधा मकसद जिले की सोई हुई प्रशासनिक व्यवस्था को उखाड़ फेंकना और जनता की आवाज को बुलंद करना है। अब देखना यह होगा कि इस खुली चुनौती के बाद शहडोल का स्थानीय प्रशासन अपनी कार्यप्रणाली में क्या सुधार लाता है, या फिर आने वाले दिनों में कांग्रेस के इस नए चक्रव्यूह के सामने घुटने टेकने पर मजबूर होता है।

Previous Post Next Post