तालाब में हुआ सामूहिक श्रमदान जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों एवं नागरिकों ने दिया सहभागिता का संदेश
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 24 मई 2026 नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत रविवार को हेडगेवार तालाब परिसर (जेल बिल्डिंग के समीप) में व्यापक स्तर पर सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखना एवं नागरिकों में जल संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में कलेक्टर शहडोल डॉ. केदार सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, एसडीएम अमृता गर्ग, नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग श्री आनंद , मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी, नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष श्री प्रकाश जगवानी, पूर्व पार्षद श्री प्रभात पांडे एवं पार्षद श्री सिल्लू रजक सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों एवं अधिकारियों ने श्रमदान करते हुए तालाब परिसर में साफ-सफाई कार्य किया तथा नागरिकों को जल संरक्षण एवं जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान आमजन से अपील की गई कि वे जल स्रोतों के संरक्षण को जनआंदोलन बनाते हुए सक्रिय सहभागिता निभाएं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अमृत मित्र स्व-सहायता समूह की महिलाओं, पीडीएमसी टीम, नगर पालिका परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों ने श्रमदान कर तालाब परिसर की साफ-सफाई एवं संरक्षण कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा जानकारी दी गई कि “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत नगर के विभिन्न जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवन एवं पर्यावरण संवर्धन हेतु लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम, श्रमदान गतिविधियां एवं स्वच्छता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों से नागरिकों में जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक जागरूकता विकसित हो रही है। कार्यक्रम में कार्यालय अधीक्षक श्री मोतीलाल सिंह, सिटी मैनेजर श्री सत्यकाम मिश्रा, उपयंत्री श्री पुनीत त्रिपाठी, उपयंत्री श्री शरद द्विवेदी, स्वच्छता निरीक्षक श्री अनिल महोबिया सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

