FRL से 1.53 मीटर नीचे पहुंचा जलस्तर, सोन नदी के डूब क्षेत्र से दूर रहने की अपील
Junaid Khan - शहडोल। 23 अगस्त 2026 लगातार हो रही वर्षा के कारण बाणसागर बांध के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। कार्यपालन यंत्री श्री एस.के. शर्मा द्वारा जारी सूचना के अनुसार 23 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे बाणसागर बांध का जलस्तर 340.11 मीटर दर्ज किया गया है। बांध का पूर्ण जल भराव स्तर (FRL) 341.64 मीटर है। इस प्रकार वर्तमान जलस्तर FRL से मात्र 1.53 मीटर नीचे है। कार्यपालन यंत्री द्वारा जारी पत्र के अनुसार बांध में वर्तमान में जल की आवक 2004.84 क्यूमेक्स दर्ज की गई है। कैचमेंट क्षेत्र में वर्षा की सक्रियता को देखते हुए बांध में जल आवक बढ़ने की स्थिति में 24 अगस्त 2026 को प्रातः 6 बजे से रेडियल गेट के माध्यम से सोन नदी में आवश्यकतानुसार पानी छोड़ा जा सकता है। मैदानी अमले को अलर्ट रहने के निर्देश। बांध में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संबंधित मैदानी अमले को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बाणसागर बांध के अपस्ट्रीम में डूब क्षेत्र से लगे इलाकों में भी आवश्यक सावधानी बरतने और लोगों को भराव क्षेत्र से दूर रहने के लिए अलर्ट जारी करने का अनुरोध किया गया है।सोन नदी के किनारे नहीं जाने की अपील। प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग द्वारा सोन नदी के किनारे रहने वाले ग्रामीणों तथा निचले क्षेत्रों में निवासरत लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। लोगों से कहा गया है कि नदी के किनारे अथवा डूब क्षेत्र में न जाएं, जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति में सोन नदी के जलस्तर में वृद्धि हो सकती है। ऐसे में नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचना आवश्यक है।
