ब्योहारी में 80 घनमीटर अवैध रेत भंडारण का किया गया विनष्टीकरण

ब्योहारी में 80 घनमीटर अवैध रेत भंडारण का किया गया विनष्टीकरण 


Junaid Khan - शहडोल। 10 अगस्त 2026 कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल के निर्देशन में खनिज विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 09 अगस्त 2026 को तहसील ब्योहारी अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में खनिज रेत के अवैध भंडारण की जांच की गई। जिला खनिज अधिकारी श्री राहुल शांडिल्य ने बताया कि जांच के दौरान ग्राम देवगांव में 30 घनमीटर खनिज रेत का अवैध भंडारण पाया गया। इसी प्रकार ग्राम झारौसी में रेलवे ब्रिज के पास 30 घनमीटर तथा झारौसी में ही गौशाला के पास 20 घनमीटर खनिज रेत का अवैध भंडारण पाया गया। इस प्रकार संयुक्त टीम द्वारा कुल 80 घनमीटर खनिज रेत का अवैध भंडारण पाए जाने पर कार्रवाई की गई। अवैध रूप से भंडारित खनिज रेत को जेसीबी मशीन के माध्यम से मिट्टी मिलाकर विनष्टीकरण की कार्रवाई की गई। खनिज विभाग एवं राजस्व विभाग की टीम द्वारा तहसील ब्योहारी अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की लगातार जांच की जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Previous Post Next Post