अवैध खनिज (रेत) परिवहन के विरुद्ध थाना देवलोंद पुलिस की कार्यवाही,हाईवा वाहन एवं रेत जप्त

अवैध खनिज (रेत) परिवहन के विरुद्ध थाना देवलोंद पुलिस की कार्यवाही,हाईवा वाहन एवं रेत जप्त 


Junaid Khan - शहडोल। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना देवलोंद पुलिस द्वारा मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे एक हाईवा वाहन को रोककर विधिसम्मत कार्यवाही संपादित की गई। दिनांक 07.07.2026 को थाना देवलोंद पुलिस को मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि हाईवा वाहन क्रमांक CG 12 BL 0946 में अवैध रूप से रेत (बालू) का परिवहन करते हुए वाहन पसगढ़ी की ओर से बुढ़वा की दिशा में आ रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु थाना प्रभारी को अवगत कराकर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ ग्राम सरकारी टोला, बुढ़वा में घेराबंदी की गई। घेराबंदी के दौरान उक्त हाईवा वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम राजेन्द्र यादव, पिता बाबूलाल यादव, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम पसगढ़ी, थाना ब्यौहारी, जिला शहडोल बताया। चालक वाहन में परिवहित रेत के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा। जिसपर देवलोंद पुलिस द्वारा हाईवा वाहन क्रमांक CG 12 BL 0946, अनुमानित मूल्य ₹17,00,000 तथा वाहन में लोड रेत (बालू), अनुमानित मूल्य ₹50,000, कुल अनुमानित मूल्य ₹17,50,000 की संपत्ति को विधिवत जप्त किया गया। जप्तशुदा वाहन एवं खनिज को सुरक्षार्थ थाना परिसर में रखा गया है। उक्त प्रकरण में चालक राजेन्द्र यादव एवं वाहन स्वामी रमाकांत पाण्डेय के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा खनिज अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। प्रकरण में नियमानुसार समस्त वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। सराहनीय भूमिका - उक्त कार्यवाही थाना प्रभारी देवलोंद उ.नि. दिलीप सिंह के नेतृत्व में प्र.आर. रेयाज खान, आर. चित्रांशु शुक्ला, आर. आदित्य सिंह एवं आर. ओमप्रसाद तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।

Previous Post Next Post