इंदिरा चौक से बलपुरवा न्यू बस स्टैंड तक का मार्ग अब 'डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग' के नाम से जाना जाएगा
Junaid Khan - शहडोल। 11 जुलाई 2026 शहडोल नगर के अधोसंरचनात्मक विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के अंतर्गत इंदिरा चौक से बलपुरवा न्यू बस स्टैंड तक प्रस्तावित मॉडल रोड के निर्माण कार्य का भूमिपूजन एवं नामकरण समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। लगभग 628 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत बनने वाले मार्ग का नाम "डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग" रखा गया। यह सड़क नगर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ शहडोल के शहरी विकास एवं सौंदर्यीकरण को नई पहचान प्रदान करेगी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती मनीषा सिंह रहीं, जबकि समारोह की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद, शहडोल के अध्यक्ष श्री घनश्याम दास जायसवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों में जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री अजय अवस्थी तथा लोक निर्माण समिति की सभापति श्रीमती कुन्दन पाण्डेय उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशांत सिंह ठाकुर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला कटारे, श्री प्रभात पाण्डेय, श्री संतोष लोहानी, श्री राजेश पाण्डेय, श्री प्रियम त्रिपाठी, शक्ति लक्छकार श्री अमित मिश्रा, श्री निलेश निगम, श्री सिल्लू रजक, श्री ओमप्रकाश चौधरी, श्रीमती संगीता कटारे, श्रीमती सावित्री सेन, श्री संजू पटेल, श्री मोतीलाल सिंह, श्री सुखेन्द्र सिंह, श्री विनय केवट, श्री दिनेश दीक्षित, श्री संजीव प्रताप सिंह, श्रीमती नीलम जायसवाल, श्रीमती सुगंधिता गुप्ता सराफ, श्री एस.एस. तोमर, श्री पुनीत त्रिपाठी, स्वच्छता निरीक्षक श्री अनिल महोबिया, श्री मयंक मिश्रा, नगर पालिका के पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सिटी मैनेजर श्री सत्यकाम मिश्रा ने किया। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के अंतर्गत बनने वाला यह मॉडल रोड शहडोल शहर के विकास का एक महत्वपूर्ण अध्याय सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें किसी भी शहर की प्रगति का आधार होती हैं और इस मार्ग के निर्माण से नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर बल देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार नगरीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं जनकल्याणकारी विकास कार्यों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम दास जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि इंदिरा चौक से बलपुरवा न्यू बस स्टैंड तक बनने वाला मॉडल रोड नगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा शहर के सर्वांगीण विकास के लिए अधोसंरचना से जुड़े अनेक कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के व्यापार, यातायात एवं नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में शहडोल सहित पूरे मध्यप्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग का निर्माण नगर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण सड़कें और आधुनिक अधोसंरचना किसी भी शहर के विकास की आधारशिला होती हैं तथा सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर विकास कार्य कर रही है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशांत सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि नगर पालिका परिषद शहडोल नागरिकों को बेहतर शहरी अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मॉडल रोड के निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि शहर के सौंदर्यीकरण, व्यवस्थित आवागमन एवं समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया तथा परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने का आह्वान किया। समारोह के अंत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशांत सिंह ठाकुर ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।


