अंतर्राष्ट्रीय जल दिवस पर आयोजित किया गया कार्यक्रम, दिया गया जल संरक्षण का संदेश
Junaid Khan - शहडोल। 22 मार्च 2026- लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जनपद पंचायत बुढार के ग्राम बटलीटोला एवं जरवाही में विश्व जल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जल कलश यात्रा से हुई, जिसमें महिलाओं ने सीएसआर के सहयोग से निर्मित पेयजल टंकी से जल भरकर पूरे गांव में शोभायात्रा निकाली। यह यात्रा जल संरक्षण के प्रति सामुदायिक जागरूकता और सहभागिता का प्रतीक बनी। कार्यक्रम में श्री राजकुमार डोलिया ने बताया कि पिछले कई वर्षों से इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। श्री अजय श्रीवास्तव ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत ‘नल-जल योजना’ की जानकारी दी तथा समुदाय की भागीदारी को आवश्यक बताया। डॉ. बी.के. प्रजापति ने किसानों को कम पानी में होने वाली फसलों की जानकारी दी और श्री शिशुपाल सिंह ने कृषि एवं आत्मा विभाग की योजनाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन कृषक मित्रों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सहायक यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग उपखण्ड शहडोल, श्री अजय श्रीवास्तव, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. बी.के. प्रजापति, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री शिशुपाल सिंह राजपूत एवं ग्राम सरपंच सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

