अध्यक्ष राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग एवं सांसद ने सिकल सेल एनीमिया जांच शिविर का किया अवलोकन
Junaid Khan - शहडोल। 16 जुलाई 2026_ अध्यक्ष राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग, भारत सरकार श्री अंतर सिंह आर्य एवं शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने शहडोल प्रवास के दौरान कन्या शिक्षा परिसर, कंचनपुर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित सिकल सेल एनीमिया जांच शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में संचालित जांच व्यवस्था, पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण एवं लाभार्थियों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनजातीय क्षेत्रों में सिकल सेल एनीमिया की जांच अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, जागरूकता एवं उचित उपचार के माध्यम से सिकल सेल एनीमिया की रोकथाम एवं नियंत्रण संभव है। उन्होंने जनजातीय समुदाय को इस अभियान से जोड़ने तथा व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।
