पार्षद ने जगन्नाथ रथ यात्रा मार्ग के सड़क सुधार हेतु नगर पालिका सीएमओ को सौंपा ज्ञापन
Junaid Khan - शहडोल। आगामी भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा को ध्यान में रखते हुए वार्ड क्रमांक 19 के पार्षद सिल्लू रजक ने नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपकर रथ यात्रा मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त सड़कों एवं गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि रथ यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु, महिलाएं, बच्चे एवं बुजुर्ग भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन एवं रथ यात्रा में शामिल होते हैं। ऐसे में मार्ग पर बने गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं और श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। पार्षद सिल्लू रजक ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि रथ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व संपूर्ण यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक पैचवर्क एवं सड़क मरम्मत का कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि यात्रा सुरक्षित, सुचारु एवं भव्य रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा नगर पालिका को इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।
