रेस्टोरेंट के बाहर खूनी तांडव: शहडोल में कानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर,बेखौफ बदमाशों ने सरेआम युवक पर किया चाकू से हमला

रेस्टोरेंट के बाहर खूनी तांडव: शहडोल में कानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर,बेखौफ बदमाशों ने सरेआम युवक पर किया चाकू से हमला 


Junaid Khan - शहडोल। संभागीय मुख्यालय शहडोल में कानून व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर आ चुकी है और अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब आम नागरिकों का सड़कों पर निकलना दूभर हो गया है। ताजा सनसनीखेज मामला सोहागपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत करन तलैया के पास का है, जहाँ एक निजी रेस्तरां के बाहर सरेराह गुंडागर्दी और खूनी खेल का खौफनाक मंजर देखने को मिला। अपने भांजे का जन्मदिन मनाने आए एक संभ्रांत परिवार की खुशियाँ उस वक्त अचानक दहशत और चीख-पुकार में बदल गईं, जब कार सवार बेखौफ रसूखदार बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा चाकू से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस को खुली चुनौती देते हुए, हवा में कट्टा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात ने न सिर्फ पुलिसिंग के दावों की पोल खोल दी है, बल्कि स्थानीय प्रशासन की मुस्तैदी पर भी एक बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई इस वारदात ने शहर के जागरूक नागरिकों को झकझोर कर रख दिया है। तेज रफ्तार कार का विरोध करने पर भड़के रसूखदार, किया जानलेवा वार पुलिस से प्राप्त जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीड़ित संदीप द्विवेदी अपने परिवार और करीबियों के साथ एक निजी रेस्तरां की तीसरी मंजिल पर भांजे का जन्मदिन मना रहे थे। इसी बीच जब वे अपनी कार से कुछ सामान निकालने नीचे आए, तभी सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार राहुल सिंह, विपिन पाठक, गणेश रघुवंशी और शांतनु उर्मिला नामक युवक तेज रफ्तार और घोर लापरवाही से वाहन चलाते हुए वहाँ पहुँचे। रसूख और रफ़्तार के नशे में चूर इन युवकों ने कार को संदीप द्विवेदी के बेहद करीब से निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। जब संदीप ने इस जानलेवा लापरवाही का विरोध किया, तो कार सवार युवक आपा खो बैठे और माँ-बहन की गंदी गालियाँ देते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। शोर सुनकर जब बर्थडे पार्टी में मौजूद अन्य लोग बीच-बचाव करने नीचे दौड़े, इसी दौरान आरोपियों में से एक युवक ने पैंट से धारदार चाकू निकालकर संदीप द्विवेदी के हाथ पर ताबड़तोड़ हमला कर लहूलुहान कर दिया।

हमें नहीं है पुलिस का डर'... कट्टा चमकाकर भागे हमलावर, सीमा विवाद का उठा रहे फायदा

घटनास्थल पर जब लोगों की भीड़ जुटने लगी और खुद को घिरता देख बदमाशों ने सारी हदें पार करते हुए कमर से अवैध कट्टा निकाल लिया। भीड़ के सामने सरेआम कट्टा लहराते हुए गुंडों ने चीखकर कहा कि "उन्हें पुलिस-प्रशासन का कोई डर नहीं है, जो उखाड़ते बने उखाड़ लो।" इसके बाद वे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। गौरतलब है कि करन तलैया का यह पूरा इलाका देर रात तक असामाजिक तत्वों, सटोरियों और नशेडियों का गढ़ बन चुका है। सबसे शर्मनाक पहलू यह है कि इस सड़क के एक हिस्से में कोतवाली थाना और दूसरे हिस्से में सोहागपुर थाना क्षेत्र पड़ता है। दोनों थानों की इस 'भौगोलिक सीमा' और पुलिस की सुस्ती का फायदा उठाकर उपद्रवी तत्व आधी रात तक यहाँ सरेआम समानांतर सरकार चलाते हैं। फिलहाल, सोहागपुर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि ये कट्टाधारी रसूखदार गुंडे आखिर किसकी शह पर पूरे शहर की शांति को बंधक बनाए हुए हैं? प्रशासन को अब कागजी कार्रवाई से ऊपर उठकर इन अपराधियों के अवैध ठिकानों पर 'बुलडोजर' वाली सख्त चोट करनी होगी, वरना जनता का खाकी पर से विश्वास उठना तय है।

Previous Post Next Post