कमिश्नर ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की ली जानकारी
Junaid Khan - शहडोल। 30 मई 2026- कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम बिजौरा, सरई चौकी, थाना कारणपठार अनूपपुर और उमरिया जिले की सीमा पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की सूचना मिलने पर देर रात्रि मेडिकल कॉलेज शहडोल पहुंचकर उपचाररत घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की। कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज मुहैया कराया जाए। साथ ही कमिश्नर ने घायल व्यक्तियों के परिजनों को ढांढस भी बंधाया। कमिश्नर ने इस दुखद घटना में मृतकों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। ज्ञात हो कि जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम बिजौरा, सरई चौकी, थाना कारणपठार अनूपपुर और उमरिया जिले की सीमा पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हादसा हुआ। सभी ग्रामवासी पड़मनिया से पूजा-अर्चना के लिए ग्राम बिजौरा जा रहे थे। इस दुखद हादसे में 6 लोगों की मृत्यु हो गई है, वहीं 22 घायलों का मेडिकल कॉलेज शहडोल में उपचार रत है। इस दुखद हादसे में मृतको के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख एवं संबल योजना के अंतर्गत 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
