हाईकोर्ट के डंडे से बेअसर हुआ शासन का तबादला फरमान, सीएमओ आशा जितेन्द्र भंडारी की शहडोल नगर पालिका में धमाकेदार वापसी

नगरीय प्रशासन विभाग और नगर पालिका अध्यक्ष के भारमुक्ति आदेश पर जबलपुर उच्च न्यायालय का स्टे

याचिका क्रमांक 42529/2026 व 45529/2026 के परिपालन में सीएमओ आशा भंडारी ने संभाला पदभार 


Junaid khan - शहडोल। मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा किए गए राजनीतिक और प्रशासनिक तबादलों की कवायद को माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर से एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। नगर पालिका परिषद शहडोल में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के पद को लेकर चल रही खींचतान पर विराम लगाते हुए आशा जितेन्द्र भंडारी (मेड़ा) ने बुधवार, दिनांक 18.11.2026 को पुनः मुख्य नगर पालिका अधिकारी के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। शासन स्तर से हुए स्थानांतरण और स्थानीय स्तर पर आनन-फानन में की गई भारमुक्ति की कार्रवाई पर हाईकोर्ट द्वारा लगाई गई रोक (स्थगन) ने न केवल प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है, बल्कि नियमों को ताक पर रखकर काम करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि म.प्र. शासन, नगरीय विकास एवं आवास विभाग, भोपाल द्वारा आदेश दिनांक 05.10.2026 के माध्यम से सीएमओ आशा जितेन्द्र भंडारी का स्थानांतरण नगर पालिका परिषद शहडोल से सहायक संचालक, संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, भोपाल के पद पर कर दिया गया था। इस आदेश के जारी होते ही स्थानीय स्तर पर भी तेजी दिखाते हुए अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद शहडोल के आदेश दिनांक 06.10.2026 द्वारा उन्हें मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद से तत्काल प्रभाव से भारमुक्त कर दिया गया था। शासन और नगर पालिका परिषद के इस एकतरफा फैसले के विरुद्ध सीएमओ आशा भंडारी ने माननीय उच्च न्यायालय, जबलपुर की शरण लेते हुए रिट याचिका क्रमांक WP No- 42529/2026 दायर की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च न्यायालय ने प्रकरण में सुनवाई कर अपने आदेश दिनांक 09.10.2026 (कंडिका-6) के तहत शासन के स्थानांतरण आदेश (05.10.2026) और अध्यक्ष के भारमुक्ति आदेश (06.10.2026) दोनों पर स्थगन (Stay) प्रदान कर दिया। कानूनी दांवपेच और पोर्टल पर आदेश अपलोड होने की प्रक्रिया के बीच बुधवार दिनांक 18.11.2026 को समय 12:43 बजे उच्च न्यायालय जबलपुर की याचिका क्रमांक 45529/2026 (Hard & Reserved दिनांक 09.10.2026) का आदेश पोर्टल पर अपलोड होते ही सीएमओ आशा जितेन्द्र भंडारी ने अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद शहडोल को विधिवत सूचना पत्र सौंपकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और पदभार संभाल लिया। इस पूरे घटनाक्रम की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास विभाग भोपाल, आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास भोपाल, संभागीय संयुक्त संचालक शहडोल संभाग, परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) शहडोल तथा लेखापाल एवं स्थापना शाखा को सूचनार्थ प्रेषित कर दी गई है। हाईकोर्ट के इस सख्त रुख के बाद अब शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है कि बार-बार न्यायालय से मिल रही फटकार के बावजूद शासन और नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी आखिर किन कारणों से ऐसे विवादित आदेश जारी कर अपनी किरकिरी करा रहे हैं। वहीं, सीएमओ की वापसी से नगर पालिका के रुके हुए विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Previous Post Next Post