विधिक जागरूकता साक्षरता शिविर का सफल आयोजन
Junaid Khan - शहडोल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शहडोल द्वारा आयोजित विधिक जागरूकता सप्ताह* के अंतर्गत समाज के विभिन्न वर्गों को उनके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अध्यक्ष ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण काशी प्रसाद सिंह एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायाधीश विवेक शर्मा के मार्गदर्शन एवं जिला विधिक सेवा अधिकारी देवेंद्र सिंह परस्ते के निर्देशन में पी एल वी अरुण द्विवेदी के द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास एवं रमसा सीनियर छात्रावास में एक दिवसीय विधिक जागरूकता साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं एवं विद्यार्थियों को उनके संवैधानिक अधिकारों, कानूनी प्रावधानों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण, निःशुल्क विधिक सहायता तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं उनके लाभों से अवगत कराया गया, ताकि वे इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर अपने जीवन को बेहतर बना सकें। साथ ही उन्हें समाज में होने वाली कानूनी समस्याओं के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क सहायता प्राप्त करने की जानकारी भी प्रदान की गई। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। वक्ताओं ने छात्राओं को शिक्षा के महत्व, बाल विवाह की रोकथाम, महिला अधिकारों तथा साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया। इस प्रकार का जागरूकता कार्यक्रम समाज में विधिक चेतना का प्रसार करने तथा नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शहडोल द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयास निश्चित रूप से एक जागरूक, सशक्त एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे।
