परमठ के पास दबिश देकर घेराबंदी में पकड़ाया पुरानी बस्ती का आरोपी अज्जू उर्फ अजहर,रियलमी, सैमसंग, ओप्पो व वीवो के फोन जब्त, त्यौहार ड्यूटी पर तैनात ASI लालदास चौधरी की टीम को सफलता
Junaid Khan - शहडोल। दीपावली त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। परमठ के समीप गश्त के दौरान मिले सटीक मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रेलवे कॉलोनी स्थित काली मंदिर के पास एक शातिर संदेही को धर दबोचा। पेड़ के नीचे संदिग्ध हालत में बैठे आरोपी के पास मौजूद मटमैले झोले से विभिन्न नामी कंपनियों (रियलमी, सैमसंग, ओप्पो एवं वीवो) के 05 नग कीमती एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 50,000 रुपये आंकी गई है। शातिर अंदाज और चोरी के कबूलनामे से खुली पोल। पुलिस द्वारा की गई सख्त पूछताछ और वैधानिक नोटिस जारी किए जाने के बाद आरोपी ने कबूला कि वह ये मोबाइल अलग-अलग स्थानों से चोरी कर लाया था और इन्हें खपाने के लिए किसी ग्राहक की तलाश में बैठा था। पकड़े गए आरोपी की पहचान अज्जू उर्फ अजहर (उम्र 24 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 30, पुरानी बस्ती शहडोल के रूप में हुई है। बरामद सभी मोबाइल पैटर्न व सुरक्षा लॉक से लैस थे, जिनके संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज या बिल पेश नहीं कर सका। आरोपी के अभ्यस्त अपराधी पाए जाने पर पुलिस ने धारा 317(2), 317(4) और 317(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। कर्तव्यनिष्ठ पुलिस टीम की सजगता से टली बड़ी वारदात। त्योहार उत्सव ड्यूटी और कस्बा भ्रमण के दौरान सहायक उप निरीक्षक (ASI) लालदास चौधरी तथा प्रधान आरक्षक पंचम सिंह की टीम ने बेहद मुस्तैदी दिखाई। गवाहों की मौजूदगी में की गई इस पूरी घेराबंदी और जब्ती की कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध संपत्ति की हेराफेरी करने वाले गिरोहों को कड़ा संदेश गया है। पुलिस कप्तान और थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा के कुशल निर्देशन व नेतृत्व में की गई इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक वर्ग ने सराहना की है। कोतवाली पुलिस अब आरोपी का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ-साथ यह भी पता लगा रही है कि इन मोबाइलों की चोरी में अन्य कौन-कौन से साथी शामिल थे।
