90 हजार 149 पेंशन हितग्राहियों को मिली 5.40 करोड़ रुपये की राशि, संबल योजना के 132 हितग्राहियों को भी 2.90 करोड़ की अनुग्रह सहायता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 13 नवंबर को विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों के खातों में अंतरित की राशि


Junaid Khan - शहडोल। 13 नवंबर 2026 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 13 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस अवसर पर शहडोल जिले के 90 हजार 149 पेंशन हितग्राहियों के लिए अक्टूबर माह की किश्त के रूप में 5 करोड़ 40 लाख 89 हजार 400 रुपये की राशि निर्धारित की गई। वहीं संबल योजना के अंतर्गत जिले के 132 हितग्राहियों के बैंक खातों में 2 करोड़ 90 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि अंतरित की गई।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से 90 हजार से अधिक हितग्राही लाभान्वित

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के माध्यम से जिले के कुल 90 हजार 149 हितग्राहियों को अक्टूबर 2026 की किश्त का लाभ प्रदान किया गया। इसके लिए कुल 5 करोड़ 40 लाख 89 हजार 400 रुपये की राशि निर्धारित की गई। इनमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 41 हजार 813 हितग्राहियों को 2 करोड़ 50 लाख 87 हजार 800 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 14 हजार 734 हितग्राहियों को 88 लाख 40 हजार 400 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के 2 हजार 319 हितग्राहियों को 13 लाख 91 हजार 400 रुपये की राशि शामिल है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना के 716 हितग्राहियों को 4 लाख 29 हजार 600 रुपये, बहुविकलांग एवं मानसिक रूप से अविकसित दिव्यांगजनों को आर्थिक सहायता अनुदान के 959 हितग्राहियों को 5 लाख 75 हजार 400 रुपये तथा वृद्धाश्रम में निवासरत 6 अंतःवासियों को 3 हजार 600 रुपये की राशि निर्धारित की गई। मुख्यमंत्री अविवाहिता पेंशन योजना के 19 हितग्राहियों को 11 हजार 400 रुपये का लाभ दिया गया।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की पांच श्रेणियों में 29 हजार 583 हितग्राही 

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत संचालित पांच पेंशन योजनाओं में जिले के कुल 29 हजार 583 हितग्राहियों के लिए 1 करोड़ 77 लाख 49 हजार 800 रुपये की राशि निर्धारित की गई। इनमें मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना के 16 हजार 88 हितग्राहियों को 96 लाख 52 हजार 800 रुपये, दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन सहायता राशि के 1 हजार 668 हितग्राहियों को 10 लाख 800 रुपये तथा सामाजिक सुरक्षा निःशक्त पेंशन योजना के 8 हजार 202 हितग्राहियों को 49 लाख 21 हजार 200 रुपये शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सामाजिक सुरक्षा परित्यक्ता पेंशन योजना के 632 हितग्राहियों को 3 लाख 79 हजार 200 रुपये तथा सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन योजना के 2 हजार 993 हितग्राहियों को 17 लाख 95 हजार 800 रुपये की राशि निर्धारित की गई।

संबल योजना से 132 हितग्राहियों को 2.90 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता 

मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत मृत्यु उपरांत अनुग्रह सहायता के पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ग्वालियर जिले से सिंगल क्लिक के माध्यम से हितलाभ राशि अंतरित की गई। इसके अंतर्गत शहडोल जिले के कुल 132 हितग्राहियों को 2 करोड़ 90 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में किया गया, जिसे संबंधित अधिकारियों एवं उपस्थित हितग्राहियों ने देखा और सुना। मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना असंगठित क्षेत्र के श्रमिक परिवारों को विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा एवं सहायता प्रदान करने की महत्वपूर्ण योजना है। मृत्यु उपरांत मिलने वाली अनुग्रह सहायता राशि से प्रभावित परिवारों को कठिन समय में आर्थिक राहत मिलती है। शासन द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं संबल योजना जरूरतमंदों, वृद्धजनों, विधवा महिलाओं, दिव्यांगजनों तथा श्रमिक परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

Previous Post Next Post