सोहागपुर,भ्रष्टाचार की शिकायत पड़ी भारी, निलंबित पंचायत सचिव ने साथियों संग सामाजिक कार्यकर्ता के घर में घुसकर किया जानलेवा हमला, मामला दर्ज

घोटाले की शिकायत से बौखलाया निलंबित सचिव विवेक गुप्ता; परिजनों के सामने कार्यकर्ता से की मारपीट, पुलिस ने किया मामला कायम 


Junaid Khan - शहडोल। जिले के सोहागपुर जनपद पंचायत अंतर्गत कल्याणपुर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना एक सामाजिक कार्यकर्ता को भारी पड़ गया। पंचायत में हुए वित्तीय घोटालों की शिकायत आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा और रीवा लोकायुक्त सहित प्रशासनिक अधिकारियों से करने पर बौखलाए निलंबित पंचायत सचिव ने अपने साथियों के साथ मिलकर सामाजिक कार्यकर्ता के घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से पीड़ित व उनके परिवार में हड़कंप मच गया। मामले में शहडोल कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निलंबित सचिव सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ नामजद और गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। घर में घुसकर कॉलर पकड़ा, लात-घूंसों से पीटा; बचाने आई पत्नी से भी धक्का-मुक्की प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर निवासी शिकायतकर्ता व सामाजिक कार्यकर्ता श्रीकान्त गुप्ता (पिता रामकिशोर गुप्ता, उम्र 51 वर्ष) ने ग्राम पंचायत में व्याप्त भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ रीवा, सोहागपुर जनपद पंचायत और कलेक्ट्रेट कार्यालय में दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर संबंधित पंचायत सचिव विवेक कुमार गुप्ता को पूर्व में सस्पेंड कर दिया गया था। इसी रंजिश को लेकर 10 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे आरोपी विवेक कुमार गुप्ता अपने अन्य सहयोगियों अंकित गुप्ता, अतुल गुप्ता, शिवम गुप्ता और एक अन्य साथी के साथ जबरन श्रीकान्त गुप्ता के घर में घुस गया। घर के अंदर दाखिल होते ही आरोपियों ने फरियादी की कॉलर पकड़ ली और हाथ-झापड़, लात-घूंसों व कपड़े धोने वाले बैट से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान फरियादी के सिर से खून बहने लगा। बीच-बचाव करने पहुंची फरियादी की पत्नी सुभदा गुप्ता के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की। घटना को फरियादी के बेटे ऋषभ गुप्ता और पत्नी ने देखा। शहडोल कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिस पर शहडोल कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 11 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 0564 दर्ज कर लिया है। पुलिस ने फरियादी श्रीकान्त गुप्ता की मौखिक शिकायत पर आरोपी विवेक कुमार गुप्ता, अंकित गुप्ता, अतुल गुप्ता, शिवम गुप्ता और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 333 (घर में अनाधिकृत प्रवेश/हमला), 296(b) (अश्लील गाली-गलौज), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 351(3) (आपराधिक धमकी) एवं 3(5) (समान मंशा से किया गया कार्य) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार मिश्रा के नेतृत्व में विवेचना कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक लाल दास चौधरी और कार्यवाहक प्रधान आरक्षक लक्ष्मी प्रसाद पटेल द्वारा की जा रही है। प्रशासनिक हलकों में इस घटना के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। आम जनमानस और प्रबुद्ध वर्ग ने पुलिस प्रशासन की इस तत्परता की सराहना की है, वहीं भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले नागरिकों की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही अग्रिम वैधानिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।

Previous Post Next Post