सीएम हेल्पलाइन में ग्रेड-ए प्राप्त करने के लिए सभी विभाग अभी से शुरू करें प्रभावी प्रयास-कलेक्टर
Junaid Khan - शहडोल। 23 नवंबर 2026 कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन में ग्रेड-ए प्राप्त करने के लिए अभी से प्रभावी प्रयास शुरू करें। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर आवेदकों को राहत प्रदान की जाए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि 100 दिवस एवं 1000 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। संबंधित विभागीय अधिकारी ऐसी शिकायतों की नियमित समीक्षा करें तथा उनके निराकरण में आ रही समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जाता है। अतः सभी अधिकारी शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। सीएम हेल्पलाइन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर एसएन शुक्ला विश्वविद्यालय के कुलपति एवं अग्रणी शासकीय महाविद्यालय के प्राचार्य को अर्द्धशासकीय पत्र के माध्यम से सूचित करने के निर्देश दिए। वहीं जिला पंजीयक को सीएम हेल्पलाइन में प्रगति नहीं होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। बैठक में अनुपस्थित रहना तथा सौंपे गए दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, डीएफओ श्रीमती तरुणा वर्मा, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, श्रीमती मिनिषा पाण्डेय, एसडीएम जयसिंहनगर सुश्री काजोल सिंह, एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, एसडीएम जैतपुर श्री दीपक मंडावी, डिप्टी कलेक्टर श्री भागीरथी लहरे, श्रीमती एंटोनिया एक्का सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
