पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल की सख्त कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप,सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह रखा जाएगा गोपनीय
Junaid Khan - शहडोल। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार की अपराध के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति को धरातल पर उतारते हुए शहडोल पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने जिले के अलग-अलग थानों में लंबे समय से फरार चल रहे तीन शातिर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कुल 15 हजार रुपये (प्रत्येक पर 5-5 हजार रुपये) के नकद इनाम की उद्घोषणा जारी की है। पुलिस कप्तान के इस सख्त कदम से जहां एक ओर नशे का कारोबार करने वाले माफियाओं और चोरी-सेंधमारी जैसे अपराधों को अंजाम देने वाले बदमाशों में खलबली मच गई है, वहीं दूसरी ओर आम जनता का पुलिस प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हुआ है। हालांकि, इन तीनों आरोपियों का घटना दिनांक से पुलिस की पकड़ से दूर रहना स्थानीय थाना स्तर पर मुखबिर तंत्र को और अधिक सक्रिय करने की ओर भी इशारा कर रहा है।
नशे के सौदागरों पर नकेल: कोतवाली के दो फरार आरोपियों पर इनाम
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आधिकारिक उद्घोषणा के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र में दर्ज गंभीर मामले में पुलिस को दो आरोपियों की सरगर्मी से तलाश है। कोतवाली के अपराध क्रमांक 272/26 में धारा 8/21, 29 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध है। इस मामले में मुख्य आरोपी अभिषेक यादव पिता मोहन यादव (उम्र 22 वर्ष) निवासी पटेराटोला सिंहपुर रोड कोतवाली तथा कैश खान उर्फ अमीन खान पिता रफीक खान निवासी सिंहपुर रोड घटना दिनांक से ही फरार चल रहे हैं। कोतवाली पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने के बावजूद अब तक इनका कोई सुराग नहीं लग सका है। युवा पीढ़ी को नशे के दलदल में धकेलने वाले इन आरोपियों की धरपकड़ के लिए एसपी डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने पुलिस रेग्यूलेशन के पैरा क्रमांक 80(1) में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए दोनों पर पृथक-पृथक 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
बुढ़ार के शातिर आरोपी पप्पा उर्फ फिरोज पर भी कसा शिकंजा
इसी कड़ी में जिले के कोयलांचल क्षेत्र बुढ़ार में भी अपराधियों के विरुद्ध पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। थाना बुढ़ार के अपराध क्रमांक 374/26 में फरार चल रहे आरोपी पप्पा उर्फ फिरोज पिता इंदू खान निवासी धनपुरी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल द्वारा 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। आरोपी पप्पा उर्फ फिरोज के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 62ए, 305(ए) एवं 331(4) के तहत गंभीर प्रकरण दर्ज है। घटना के बाद से ही आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा है। बुढ़ार थाना पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी गिरफ्तारी न होने पर मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ने पुलिस रेग्यूलेशन के पैरा 80(1) के तहत यह इनामी उद्घोषणा जारी की है, ताकि जनसहयोग से जल्द से जल्द आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।
आमजन से सहयोग की अपील, गोपनीय रहेगी सूचना देने वाले की पहचान
पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल द्वारा जारी की गई इन उद्घोषणाओं में स्पष्ट किया गया है कि जो कोई भी जागरूक नागरिक या व्यक्ति इन फरार आरोपियों अभिषेक यादव कैश खान उर्फ अमीन खान तथा पप्पा उर्फ फिरोज के संबंध में पुख्ता जानकारी देगा, उन्हें गिरफ्तार करवाएगा अथवा उनकी गिरफ्तारी में सहायक विश्वसनीय सूचना व सहयोग प्रदान करेगा, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों को दबोचने में सफल हो सकेगी, उसे प्रत्येक आरोपी पर 5-5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने आमजन को आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान सर्वथा गोपनीय रखी जाएगी। उद्घोषणा के मुताबिक पुरस्कार वितरण के संबंध में अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक जिला शहडोल का ही मान्य होगा। पुलिस कप्तान की इस पहल को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक सराहनीय और निर्णायक कदम माना जा रहा है।
