कियोस्क संचालक तक सिमटी कार्रवाई, ‘मास्टरमाइंड’ अब भी पुलिस की पकड़ से दूर!

छतवई की 27 आदिवासी महिलाओं से ठगी का मामला, चक्काजाम के बाद भी नहीं जागा प्रशासन

फर्जीवाड़े के अन्य आरोपियों पर सोहागपुर पुलिस मेहरबान या जांच में लापरवाही?


Junaid Khan - शहडोल। आदिवासी अंचल की भोली-भाली महिलाओं को सरकारी योजनाओं का सब्जबाग दिखाकर उनके नाम पर लाखों का लोन हड़पने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस की सुस्त चाल अब सवालों के घेरे में आ गई है। सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम छतवई में 27 आदिवासी महिलाओं के फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक से 30-30 हजार रुपये का लोन निकालने के संगीन मामले में पुलिस की कार्रवाई महज एक कियोस्क संचालक की गिरफ्तारी तक सिमट कर रह गई है। इस पूरे फर्जीवाड़े में बैंक कर्मियों और अन्य दलालों की संदिग्ध भूमिका होने के बावजूद जांच को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है, जिससे पीड़ित महिलाओं और ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश पनप रहा है।

चक्काजाम के बाद जागा था प्रशासन, अब फिर वही ढर्रा

गौरतलब है कि अपने साथ हुए इस बड़े धोखे के खिलाफ पीड़ित महिलाओं और ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम करते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों के उग्र तेवर देख मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने दोषियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजने का कड़ा भरोसा दिलाया था। इसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में मुख्य आरोपी कियोस्क संचालक को गिरफ्तार कर अपनी पीठ तो थपथपा ली, लेकिन इस संगठित गिरोह की असली जड़ों तक पहुंचने की जहमत नहीं उठाई। सवाल यह उठता है कि बिना बैंक अधिकारियों की मिलीभगत और अन्य सहयोगियों के, 27 महिलाओं के फर्जी दस्तावेजों पर एक साथ लोन कैसे स्वीकृत हो गया?

सरकार की साख पर बट्टा लगा रहे जिम्मेदार अधिकारी

एक तरफ प्रदेश सरकार आदिवासी कल्याण और महिला सशक्तिकरण के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय प्रशासन और पुलिस की उदासीनता सरकार की मंशा पर पानी फेर रही है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि रसूखदार और अन्य संदिग्ध आरोपियों को बचाने के लिए पुलिस जानबूझकर मामले को लटका रही है। यदि समय रहते इस गिरोह के बाकी चेहरों को बेनकाब कर पीड़ित महिलाओं को न्याय और कर्ज से मुक्ति नहीं दिलाई गई, तो ग्रामीण एक बार फिर बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की होगी।

अधिकारी का पक्ष

मामले की विवेचना लगातार जारी है। जांच के दौरान इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आ चुके हैं। पुलिस की टीम उनकी तलाश कर रही है और जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

संजय जायसवाल,थाना प्रभारी, सोहागपुर जिला शहडोल

Previous Post Next Post