शहडोल में बेखौफ बदमाशों का आतंक,गुड शेफर्ड स्कूल में फेंका शक्तिशाली बम,धमाके से थर्राया परिसर,पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

पांडव नगर स्थित मिशनरी स्कूल की बाउंड्री में स्कूटी सवार तीन नकाबपोश युवकों ने किया विस्फोट,खिड़की के कांच चकनाचूर


Junaid Khan - शहडोल। जिला मुख्यालय के पॉश इलाके पांडव नगर में स्थित प्रतिष्ठित गुड शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल परिसर में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा शक्तिशाली बम पटाखा फेंककर दहशत फैलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रात के सन्नाटे में स्कूटी पर सवार होकर आए तीन बेखौफ युवकों ने स्कूल के मुख्य द्वार के सामने रुककर विस्फोटक सामग्री जलाई और बाउंड्री के भीतर फेंक दी। चंद सेकंड बाद हुए कानफाड़ू धमाके से पूरा स्कूल परिसर थर्रा उठा, जिससे स्कूल भवन की एक खिड़की टूट गई और परिसर में अन्य संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद शहर की कानून-व्यवस्था और रात्रिकालीन पुलिस गश्त की मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गनीमत रही कि यह घटना रात के समय घटित हुई जब स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे, अन्यथा दिन के समय स्कूल संचालन के दौरान ऐसी हरकत किसी बड़ी जनहानि या भयावह हादसे को जन्म दे सकती थी। घटना के बाद से स्कूल परिसर में निवासरत कर्मचारियों और स्टाफ में दहशत का माहौल व्याप्त है, क्योंकि धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि परिसर में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन ने इस दुस्साहसिक कृत्य को लेकर गहरी नाराजगी जताते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर दोषियों के खिलाफ कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। प्रबंधन का स्पष्ट आरोप है कि इससे पूर्व भी स्कूल परिसर को निशाना बनाते हुए इस तरह की अराजक घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है, लेकिन पूर्व के मामलों में प्रशासन और पुलिस द्वारा ठोस एवं नजीर बनने वाली कार्रवाई न किए जाने के कारण ही असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और शासन के दावों के बीच शहर के भीतर हो रही ऐसी वारदातें जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली और निगरानी तंत्र की विफलता को उजागर कर रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने घटना से जुड़ा स्पष्ट सीसीटीवी फुटेज पुलिस प्रशासन को सौंप दिया है, जिसमें स्कूटी सवार तीनों युवकों की गतिविधियां साफ तौर पर कैद हुई हैं। इस संबंध में कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर प्रकरण को गंभीरता से जांच में लिया गया है। पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज के तकनीकी विश्लेषण और स्कूटी के नंबर व हुलिए के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त करने में तेजी से जुटी हुई हैं। थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया है कि पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है और जल्द ही इन शरारती व असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा, ताकि भविष्य में शहर के किसी भी शैक्षणिक संस्थान या रिहायशी इलाके में इस तरह की कानून विरोधी घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।

Previous Post Next Post