शहडोल में पहली बार होगा मीठे पानी में मोती उत्पादन का सात दिवसीय प्रशिक्षण, बिना डिग्री और आयु सीमा के मिलेगा प्रवेश

14 से 20 दिसंबर तक पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित होगी कार्यशाला, किसान, युवा, महिलाएं और आम नागरिक भी ले सकेंगे प्रशिक्षण


Junaid Khan - शहडोल। 18 नवंबर 2026 मीठे पानी में मोती उत्पादन के क्षेत्र में कौशल विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय, शहडोल के मत्स्य विज्ञान विभाग द्वारा सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में पहली बार आयोजित होने वाले इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को मीठे पानी में मोती उत्पादन की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक तकनीक सिखाई जाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम 14 से 20 दिसंबर 2026 तक विश्वविद्यालय के नवलपुर परिसर में आयोजित होगा। यह कार्यक्रम जूलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (ZSI) के सहयोग से तथा विश्वविद्यालय के इन्क्यूबेशन सेंटर के अंतर्गत आरएएमपी (RAMP) के प्रायोजन से आयोजित किया जा रहा है।

बिना आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता के ले सकेंगे प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम की विशेषता यह है कि इसमें शामिल होने के लिए किसी विशेष शैक्षणिक डिग्री अथवा शैक्षणिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं है। इसके लिए कोई आयु सीमा भी निर्धारित नहीं की गई है। साथ ही, प्रतिभागी का विश्वविद्यालय का विद्यार्थी, शिक्षक अथवा कर्मचारी होना भी आवश्यक नहीं है। किसान, मत्स्य पालक, विद्यार्थी, शिक्षक, शोधार्थी, गृहिणियां, युवा, नौकरीपेशा व्यक्ति, नवोदित उद्यमी, ग्रामीण एवं जनजातीय समुदाय के सदस्य सहित आम नागरिक भी प्रशिक्षण में शामिल हो सकते हैं। मोती उत्पादन की तकनीक सीखने में रुचि रखने वाला कोई भी व्यक्ति इसमें भाग ले सकता है।

सीपों से मोती तैयार करने की सीखेंगे वैज्ञानिक तकनीक

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मीठे पानी के सीपों से मोती उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। इसमें सीपों का चयन, कंडीशनिंग, हैंडलिंग, सर्जिकल इम्प्लांटेशन एवं ग्राफ्टिंग तकनीक, सीपों का रखरखाव, जल गुणवत्ता प्रबंधन, पोषण, मोती विकास, कटाई, ग्रेडिंग तथा विपणन जैसे विषय शामिल रहेंगे। व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को मोती उत्पादन की तकनीक समझाई जाएगी, जिससे वे भविष्य में स्वरोजगार एवं स्वयं का उद्यम स्थापित करने की संभावनाओं से परिचित हो सकेंगे।

पांच हजार रुपये प्रशिक्षण शुल्क, 60 प्रतिभागियों को मिलेगा अवसर

प्रशिक्षण के लिए प्रति प्रतिभागी 5 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इसमें व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए आवश्यक उपकरण एवं औजार, प्रशिक्षण में उपयोग होने वाले जीव एवं सीप, प्रशिक्षण किट, प्रशिक्षण पुस्तिका, प्रमाणपत्र, नाश्ता एवं दोपहर का भोजन शामिल है। आवश्यकता होने पर प्रतिभागियों को 100 रुपये प्रतिदिन की दर से आवास सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण के लिए कुल 60 सीटें निर्धारित की गई हैं।

विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के संरक्षण में होगा आयोजन

कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राम शंकर तथा संरक्षक कुलसचिव प्रो. आशीष तिवारी हैं। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. उमा सिंह, विभागाध्यक्ष, मत्स्य विज्ञान विभाग तथा आयोजन सचिव डॉ. वंदना राम, सहायक प्राध्यापक, मत्स्य विज्ञान विभाग हैं। महाराष्ट्र के नवाचारी मीठे पानी के मोती कृषक एवं प्रशिक्षक श्री अशोक मनवानी प्रशिक्षण विशेषज्ञ के रूप में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। आयोजन समिति में डॉ. ममता प्रजापति, डॉ. शिवानी शर्मा, डॉ. पूजा गौड़, श्री शिवम कुमार भट्ट एवं सुश्री अर्पिता मिश्रा शामिल हैं।

ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में स्वरोजगार की संभावनाओं को मिलेगा बढ़ावा

विश्वविद्यालय की यह पहल विशेष रूप से शहडोल संभाग के ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में कौशल विकास, आजीविका संवर्धन, स्थानीय जलीय संसाधनों के सतत उपयोग तथा उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। मोती उत्पादन की तकनीक सीखकर इच्छुक व्यक्ति मत्स्य पालन एवं अन्य आजीविका गतिविधियों के साथ आय के वैकल्पिक साधन विकसित कर सकेंगे। पंजीयन एवं संपर्क संबंधी जानकारी- प्रशिक्षण अवधि : 14 से 20 दिसंबर 2026 (सात दिन ,प्रशिक्षण स्थल : नवलपुर परिसर, पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय, शहडोल। कुल सीटें : 60, - प्रशिक्षण शुल्क : 5,000 रुपये प्रति प्रतिभागी। ऑनलाइन पंजीयन लिंक : https://forms.gle/Q6NFkvxhN2AtN3xX6- मोबाइल नंबर 9713330845, 7970026008, 7974847481ईमेल :fisheriesscience99@gmail.com इच्छुक व्यक्ति ऑनलाइन पंजीयन लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

Previous Post Next Post