संवेदनहीनता की हद,कॉलेज गेट पर तड़पती रही छात्रा, सिस्टम सोता रहा और राहगीरों ने बचाई जान

प्रबंधन फेल,आधे घंटे तक बेहोश पड़ी रही छात्रा, न एम्बुलेंस मिली न कॉलेज स्टाफ ने ली सुध 

सवालों के घेरे में तंत्र,वीडियो वायरल होने के बाद उठे सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल, जिम्मेदार मौन


Junaid Khan - शहडोल। एक तरफ प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन बेटियों की सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और उच्च शिक्षण संस्थानों में चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बड़े-बड़े दावे कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। शहर के शासकीय आईटीआई (ITI) कॉलेज के मुख्य द्वार के बाहर एक छात्रा करीब आधे घंटे तक अचेत (बेहोशी) अवस्था में जमीन पर पड़ी रही, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि कॉलेज प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी या फिर जानबूझकर अनदेखी की गई। समय पर सरकारी मदद और एम्बुलेंस जैसी बुनियादी सुविधा न मिल पाना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर करारा तमाचा है। सड़क पर बेसुध पड़ी रही बेटी, कॉलेज प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारी बने रहे अनजान। घटना के दौरान कॉलेज परिसर के ठीक बाहर छात्रा के इस तरह बेहोश पड़े रहने के बावजूद न तो संस्थान के प्राचार्य और न ही किसी जिम्मेदार कर्मचारी ने बाहर आकर उसकी सुध लेने की जहमत उठाई। छात्रा किन परिस्थितियों में बेहोश हुई, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो सका है, जो अपने आप में एक गंभीर जांच का विषय है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद कॉलेज प्रशासन की लापरवाही और छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था पर चौतरफा सवाल उठने लगे हैं। जिम्मेदार विभाग और संबंधित अधिकारियों की इस उदासीनता ने अभिभावकों के मन में भी अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है। सिस्टम की नाकामी के बीच देवदूत बने स्थानीय लोग, ऑटो से पहुंचाया अस्पताल जहां एक ओर सरकारी तंत्र और कॉलेज प्रबंधन पूरी तरह संवेदनहीन नजर आया, वहीं दूसरी ओर शहर के जागरूक और स्थानीय नागरिकों ने मानवता की शानदार मिसाल पेश की। काफी देर तक छात्रा को बदहवास हालत में पड़ा देख आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बिना किसी सरकारी मदद का इंतजार किए मानवीय पहल की और तत्काल एक ऑटो की व्यवस्था कर छात्रा को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों की इस तत्परता और सराहनीय कार्य की वजह से छात्रा का समय पर उपचार शुरू हो सका, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। अब शहर के प्रबुद्धजनों की मांग है कि जिला प्रशासन इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए लापरवाह कॉलेज प्रबंधन और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Previous Post Next Post