नानी के साथ तालाब में नहाने गया मासूम की गहरे पानी मे डूबने से हुई मौत
Junaid khan - शहडोल। जिले के केशवाही चौकी क्षेत्र में एक 4 वर्षीय बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बालक निखिल सिंह कोतमा जमुनिया का रहने वाला था। वह अपनी नानी के घर केशवाही के कोटा टोला पिपरिया गांव में घूमने आया था। बच्चा नानी के साथ पिपरिया तालाब में नहा रहा था, इस दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बालक निखिल अपनी नानी के साथ तालाब में नहाने गया था। नानी के नहाते समय निखिल खेल रहा था। अचानक नानी ने देखा कि वह पानी में डूब गया है। नानी ने आस-पास नहा रहे लोगों को आवाज दी, सभी ने मिलकर निखिल को पानी से निकालने का प्रयास किया। उसे तालाब से बाहर निकाला गया, तब उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। निखिल के परिवार ने बताया कि वह खुशमिजाज और चंचल था। हम जिसे हमेशा खेलते और हंसते-खिलखिलाते देखते थे, अब वह हमारे बीच नहीं रहा। चौकी प्रभारी आशीष झारिया ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही उन्होंने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान दें।