महिलाओं को आगे बढ़ाना विकसित भारत के स्वप्न को पूरा करने के लिए जरूरी- विधायक मनीषा सिंह

केंद्रीय संचार ब्यूरो की चित्र प्रदर्शनी का शहडोल में हुआ शुभारंभ 


Junaid khan - शहडोल। 19 दिसंबर 2025- देश की महिलाएं जब आत्मनिर्भर और विकसित होगी तभी प्रधानमंत्री जी का वर्ष 2047 तक देश को विकसित करने का सपना पूरा हो सकेगा। इस बात को ध्यान में रखते हुए केंद्र और राज्य सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की हैं। इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं को उठाना चाहिए। उक्त विचार जयसिंहनगर क्षेत्र की विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने केंद्रीय संचार ब्यूरो की चित्र प्रदर्शनी के शुभारंभ कार्यक्रम में व्यक्त किए। वह केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से शहडोल के शासकीय उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय, रघुराज क्रमांक 2 में आयोजित विकसित भारत /2047 चित्र प्रदर्शनी के उद्घाटन के अवसर पर बोली रही थीं। इस अवसर पर श्री सुशील शर्मा, श्री प्रियम त्रिपाठी और विद्यालय के प्राचार्य श्री पी.के. मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री विभिन्न वर्गों जैसे गरीब, किसान, युवा, महिलाओं आदि के विकास के लिए संकल्पित हैं। हम सबको उनके प्रयासों में अपना सहयोग देकर विकसित भारत के सपने को पूरा करने में अपना योगदान देना चाहिए। आज जहाँ ड्रोन दीदी के माध्यम से महिलाएं कृषि में तकनीकी योगदान दे रही हैं, वहीं स्वसहायता समूह के माध्यम से बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकल कर व्यवसाय कर रही हैं और आत्मनिर्भर बन रही हैं। वहीं स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से युवाओं को भी स्वरोजगार और कौशल निर्माण में सहायता मिल रही है। कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी देते हुए केंद्रीय संचार ब्यूरो के सहायक निदेशक श्री पराग मांदले ने कहा कि प्रधानमंत्री की वर्ष 2047 तक विकसित भारत की संकल्पना की पूर्ति के लिए जिन योजनाओं और कार्यक्रमों को क्रियान्वित किया जा रहा है, उसकी जानकारी प्रत्यक्ष रूप से जन-जन तक पहुँचाने के लिए इस तरह की प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा यहाँ प्रदर्शित जानकारियों से विद्यार्थियों को भी भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन तथा आभार प्रदर्शन श्री हेमंत मरकवाड़े ने किया । इस अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री अख़्तर हुसैन के मार्गदर्शन में रासेयो के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत व लक्ष्य गीत की प्रस्तुति दी। साथ ही रांगोली प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया। 20 दिसंबर तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में जीएसटी सुधार, नये श्रम कानून, ऑपरेशन सिंदूर, सरदार पटेल की 150 वीं जयंती, वंदे मातरम, स्वच्छता अभियान सहित विकसित भारत /2047 के अंतर्गत चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी पोस्टर्स के माध्यम से प्रदर्शित की गई है। इसके अलावा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी। साथ ही आने वाले दर्शकों और विद्यार्थियों के लिए अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। विभाग की ओर से अधिक से अधिक नागरिकों से इस प्रदर्शनी का अवलोकन करने का अनुरोध किया गया है।

Previous Post Next Post