परियोजना की धीमी प्रगति एवं तकनीकी खामियों पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी सख्त, ठेकेदार से सात दिवस और उपयंत्री से तीन दिवस में मांगा जवाब
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 26 नवंबर 2026 नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा अमृत 2.0 योजनांतर्गत संचालित जलप्रदाय परियोजना के निर्माण कार्यों में हो रही देरी, गुणवत्ता संबंधी कमियों एवं तकनीकी पर्यवेक्षण में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने सख्त रुख अपनाया है। परियोजना की धीमी प्रगति एवं निर्माण कार्यों में पाई गई अनियमितताओं के चलते संबंधित ठेकेदार मेसर्स गणपति कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड, पटना (बिहार) को अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, निर्माण कार्यों की निगरानी एवं तकनीकी पर्यवेक्षण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित उपयंत्री श्री शरद द्विवेदी को भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। ठेकेदार को जारी अंतिम नोटिस के अनुसार परियोजना की निर्धारित 18 माह की कार्यावधि समाप्त होने के बाद भी मात्र 27 प्रतिशत भौतिक प्रगति दर्ज की गई है, जो अत्यंत असंतोषजनक है। तकनीकी निरीक्षण एवं अभिलेखों की समीक्षा में PLC एवं SCADA, ओवरहेड टैंक (OHT) तथा पंपों से संबंधित आवश्यक ड्राइंग, डिजाइन एवं तकनीकी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई है। इसके अतिरिक्त विभिन्न ओवरहेड टैंक स्थलों पर निर्माण कार्य लगभग तीन माह से बाधित अथवा अत्यंत धीमी गति से संचालित पाया गया है। निर्माण सामग्री एवं कंक्रीट की गुणवत्ता तथा PE पाइपलाइन बिछाने के कार्य में भी निर्धारित तकनीकी मानकों एवं स्वीकृत प्रावधानों का समुचित पालन नहीं किया जाना पाया गया है। इसी प्रकार, परियोजना के तकनीकी पर्यवेक्षण एवं निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी का दायित्व संभाल रहे उपयंत्री श्री शरद द्विवेदी को जारी कारण बताओ सूचना पत्र में भी परियोजना की मात्र 27 प्रतिशत भौतिक प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की गई है। निरीक्षण एवं तकनीकी अभिलेखों के परीक्षण में निर्माण कार्यों में विलंब, गुणवत्ता संबंधी कमियों, निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन में लापरवाही तथा स्वीकृत ड्राइंग एवं डिजाइन के अनुरूप कार्य नहीं कराए जाने जैसी स्थितियां सामने आई हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने कहा कि शासकीय निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण, गुणवत्ता की जांच, ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश देना तथा कार्यों की प्रगति की सतत निगरानी करना अनिवार्य है। इसके बावजूद निर्माण कार्यों में पाई गई कमियों का समय पर निराकरण नहीं होना तथा परियोजना की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। जारी अंतिम नोटिस के माध्यम से ठेकेदार को सात दिवस के भीतर कार्य में विलंब एवं तकनीकी कमियों के संबंध में तथ्यात्मक एवं अभिलेखीय साक्ष्यों सहित लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने तथा व्यक्तिगत सुनवाई के लिए उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मानकविरुद्ध कार्य तत्काल रोकने, स्वीकृत तकनीकी मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य सुनिश्चित करने तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा गया है। वहीं, उपयंत्री श्री शरद द्विवेदी को तीन दिवस के भीतर बिंदुवार स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के साथ निर्माण कार्यों के निरीक्षण प्रतिवेदन, ठेकेदार को जारी निर्देश एवं चेतावनी, गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट, माप पुस्तिका में दर्ज प्रविष्टियां तथा परियोजना की वर्तमान भौतिक प्रगति से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने अथवा स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध संविदा की शर्तों एवं प्रचलित नियमों के तहत विलंब क्षतिपूर्ति अधिरोपित करने, बैंक गारंटी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने, संविदा निरस्त करने एवं फर्म को ब्लैकलिस्ट करने जैसी कठोर कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। वहीं, संबंधित उपयंत्री के विरुद्ध उपलब्ध अभिलेखों एवं तथ्यों के आधार पर विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अमृत 2.0 जलप्रदाय परियोजना नगर के लिए एक महत्वपूर्ण जनोपयोगी योजना है। इसका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन नगर पालिका परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर पालिका परिषद द्वारा परियोजना के प्रत्येक कार्य की नियमित निगरानी करते हुए संबंधित ठेकेदार एवं अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नगरवासियों को बेहतर एवं सुचारु पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
