चचाई थाना क्षेत्र के बरगवां शासकीय हाई स्कूल की घटना, सफाई और कचरा जलाने के नाम पर मासूम की जान से खिलवाड़
इलाज का पूरा खर्च उठाने का झांसा देकर दबाई शिकायत, महज 40 हजार देकर झाड़ा पल्ला,दामाद पर अस्पताल आकर धमकाने का आरोप
थानों और कमिश्नर कार्यालय के चक्कर काट रही बेबस विधवा मां, कर्ज लेकर करा रही निजी अस्पताल में बेटे का इलाज
Junaid Khan - शहडोल। अनूपपुर मध्य प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और सरकारी स्कूलों में मासूम बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। अनूपपुर जिले के चचाई थाना अंतर्गत नगर परिषद बरगवां स्थित शासकीय हाई स्कूल में कक्षा 8वीं के एक 13 वर्षीय छात्र को स्कूल प्रबंधन की कथित लापरवाही और बेगार की भारी कीमत चुकानी पड़ी है। बीते 2 नवंबर को स्कूल परिसर में कागज और कचरा जलाने के दौरान छात्र आयुष गुप्ता (पिता स्व. प्रवीण गुप्ता) आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। आरोप है कि स्कूल के प्राचार्य संतोष शुक्ला द्वारा ऑफिस के कागज जलाने के लिए कहने पर यह हादसा हुआ, जिसमें छात्र का दाहिना पैर बुरी तरह जल गया। घटना के बाद प्रबंधन ने अपनी गर्दन बचाने के लिए पीड़ित परिवार को हर संभव इलाज का भरोसा दिलाकर मामले को दबाने का प्रयास किया, लेकिन अब वे अपने वादे से मुकर गए हैं।
सहानुभूति का नाटक, फिर दामाद की धमकी
पीड़ित छात्र की मां आरती गुप्ता, जिनके पति का निधन तीन वर्ष पूर्व हो चुका है, लोगों के घरों में काम और मजदूरी कर किसी तरह अपने बच्चों का पालन-पोषण करती हैं। महिला का आरोप है कि हादसे के वक्त प्राचार्य संतोष शुक्ला और उनकी पत्नी ने मामले की शिकायत पुलिस या मीडिया में न करने की गुहार लगाते हुए आश्वासन दिया था कि जबलपुर, भिलाई या रायपुर,जहां भी इलाज कराना होगा, सारा खर्च वे स्वयं उठाएंगे। शुरू में छात्र को मेडिकल कॉलेज शहडोल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर 3 नवंबर को उसे शहडोल के ही एक निजी (एस.वी.) अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने महज 40 हजार रुपये देकर हाथ खड़े कर लिए। इतना ही नहीं, महिला ने मीडिया के सामने व्यथा सुनाते हुए आरोप लगाया कि प्राचार्य के दामाद ने अस्पताल आकर उन्हें धमकाया कि अब एक रुपया भी अतिरिक्त नहीं दिया जाएगा।
कर्ज के बोझ तले दबी मां, अस्पताल से नहीं मिल रही छुट्टी
निजी अस्पताल में पिछले करीब तीन सप्ताह से चल रहे उपचार में अब तक डेढ़ से दो लाख रुपये तक का बिल बन चुका है, जबकि डॉक्टरों ने कुल खर्च ढाई से तीन लाख रुपये तक पहुंचने की आशंका जताई है। बेबस मां ने जैसे-तैसे कर्ज लेकर करीब 80 हजार रुपये जमा किए हैं, लेकिन शेष बकाया राशि का भुगतान न हो पाने के कारण अस्पताल प्रबंधन द्वारा बच्चे को छुट्टी भी नहीं दी जा रही है। एक तरफ मासूम बेटा अस्पताल के बिस्तर पर दर्द से कराह रहा है, तो दूसरी तरफ आर्थिक तंगी और कर्ज के बोझ ने इस विधवा मां की कमर तोड़ दी है। महिला का बड़ा बेटा भी कहीं मजदूरी करता है, लेकिन परिवार की माली हालत ऐसी नहीं है कि वे लाखों रुपये का यह भारी-भरकम मेडिकल बिल चुका सकें।
खाकी की बेरुखी, कमिश्नर सुरभि गुप्ता से न्याय की गुहार
इस पूरे घटनाक्रम में स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़िता ने 11 नवंबर को चचाई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने न तो कोई ठोस कार्रवाई की और न ही मामले की सुध ली। थाने से निराश होकर महिला ने स्वयं शहडोल संभाग की कमिश्नर सुरभि गुप्ता से मुलाकात कर लिखित शिकायत पत्र सौंपा है। जानकारी के अभाव में महिला कमिश्नर कार्यालय से पावती (रिसीविंग) नहीं ले सकी, लेकिन उन्होंने प्रशासन और सरकार से हाथ जोड़कर गुहार लगाई है कि दोषी प्राचार्य, उनकी पत्नी और अस्पताल आकर धमकाने वाले उनके दामाद के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार ने मांग की है कि शासन-प्रशासन हस्तक्षेप कर बच्चे के संपूर्ण इलाज की व्यवस्था कराए, ताकि एक गरीब मां का चिराग बच सके।
