पोनांग तालाब निर्माण में लापरवाही पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

सीएमओ श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण, दो वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी महज 17 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने पर जताई कड़ी नाराजगी


Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 25 नवंबर 2026 नगर पालिका परिषद शहडोल की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने आज सर्किट हाउस के समीप स्थित पोनांग तालाब में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन ग्रीन स्पेस पार्क के कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की अत्यंत धीमी प्रगति और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि उक्त निर्माण कार्य के लिए संबंधित ठेकेदार को 9 जुलाई 2024 को कार्यादेश जारी किया गया था। इसके बावजूद बार-बार नोटिस जारी किए जाने और पर्याप्त समय दिए जाने के बाद भी निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति मात्र 17 प्रतिशत ही हो पाई है। लंबे समय से कार्य अधूरा रहने और ठेकेदार द्वारा कार्य में अपेक्षित गति नहीं लाए जाने को मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने गंभीर लापरवाही माना। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराना संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी है। बार-बार नोटिस एवं निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्य में संतोषजनक प्रगति नहीं होना गंभीर विषय है। उन्होंने मौके पर उपस्थित नगर पालिका के उपयंत्री श्री शरद द्विवेदी को संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार ब्लैकलिस्ट किए जाने की कार्रवाई तत्काल प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य में हुई देरी के कारणों की समीक्षा कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर में संचालित समस्त विकास एवं निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। प्रत्येक कार्य की भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित करें। कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पालिका परिषद द्वारा संचालित विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा नगर के विकास से जुड़े कार्यों को समय पर पूर्ण कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें लापरवाही बरतने वाले किसी भी ठेकेदार को बख्शा नहीं जाएगा।

Previous Post Next Post