शमशान घाट तक रास्ता उपलब्ध कराने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस व ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
Junaid Khan - शहडोल। ग्राम पंचायत सिंदुरी (चुनिया) के किटहाई टोला एवं ददरी टोला के ग्रामीणों की शमशान घाट तक पहुंचने के लिए रास्ते की समस्या को लेकर युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी के नेतृत्व में एवं अजय बैगा के उपस्थिति में ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्या के निराकरण की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत सिंदुरी (चुनिया) अंतर्गत किटहाई टोला एवं ददरी टोला के ग्रामीणों को शमशान घाट तक पहुंचने के लिए कोई सार्वजनिक रास्ता उपलब्ध नहीं है। आसपास निजी भूमि होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं शासकीय भूमि पर भी दीवार खड़ी कर निजी उपयोग किए जाने के कारण शमशान घाट तक पहुंचने का सुगम मार्ग बाधित है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शासकीय भूमि से शमशान घाट तक रास्ता उपलब्ध कराया जाए, ताकि ग्रामवासियों को अंतिम संस्कार जैसे महत्वपूर्ण कार्य में परेशानियों का सामना न करना पड़े। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्या का निराकरण नहीं किया गया, तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी ने प्रशासन से ग्रामीणों की इस मूलभूत समस्या का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शीघ्र समाधान करने की मांग की। ज्ञापन देते समय प्रमुख रूप से युवा कांग्रेस जिलाउपाध्यक्ष आशीष तिवारी,एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी,अजय बैगा, दद्दुल्ला चौधरी, सुंदर चौधरी, पिंकू चौधरी,लाल बाबू, आशीष द्विवेदी, भोली चौधरी,दादा चौधरी सहित कई ग्रामीणजन मौजूद रहे।
