साइबर ठगों का नया 'इमोशनल' जाल,बीमार मां के ऑपरेशन के नाम पर दुकानदार को फंसाया, 90 हजार की नकदी ले उड़े,अब खाता फ्रीज होने से भटक रहा पीड़ित

पीड़ित संचालक ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार,एटीएम फुटेज सुरक्षित रखने की मांग

शहर में सक्रिय साइबर गिरोह की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, पुलिस व बैंक की जांच पर टिकी निगाहें


Junaid Khan - शहडोल । जिले में साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे आम नागरिकों के साथ-साथ सीधे-सादे व्यापारियों को भी अपनी ठगी का मोहरा बना रहे हैं। मानवीय संवेदनाओं से खेलते हुए ठगों ने एक दुकानदार को विश्वास में लिया और उनके बैंक खाते का उपयोग कर 90 हजार रुपये की संदिग्ध रकम को नकदी में तब्दील कर रफूचक्कर हो गए। हैरानी की बात यह है कि जिस दुकानदार ने इंसानियत के नाते मदद की, साइबर सेल की कार्रवाई में उसी का बैंक खाता फ्रीज (होल्ड) कर दिया गया है। अब पीड़ित व्यापारी खुद को बेगुनाह साबित करने और अपने खाते पर लगी रोक हटवाने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर है।

इलाज के नाम पर रची गई ठगी की पूरी पटकथा

न्यू बस स्टैंड स्थित 'राम कंप्यूटर्स एंड फोटोकॉपी' के संचालक मोहन लाल यादव ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए आवेदन में पूरे घटनाक्रम का सिलसिलेवार खुलासा किया है। पीड़ित के अनुसार, बीते 13 नवंबर को एक अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचा और अपनी मां के तत्काल ऑपरेशन का हवाला देते हुए नकद पैसों की सख्त जरूरत बताई। ठग ने झांसा दिया कि उसके पास ऑनलाइन भुगतान की सुविधा है, जिसके बाद उसी दिन किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से मोहन लाल यादव के गूगल पे खाते में 90,888 रुपये ट्रांसफर कराए गए। मानवता और सामान्य व्यावसायिक लेन-देन समझकर यादव उस व्यक्ति के साथ बंधन बैंक (नियर के-स्क्वायर) के एटीएम गए। वहां उन्होंने अपने खाते से 40 हजार रुपये और एसबीआई एटीएम कार्ड का उपयोग कर 40 हजार रुपये निकाले, जबकि शेष 10 हजार रुपये दुकान पर अपने भाई के एसबीआई एटीएम से निकालकर कुल 90 हजार रुपये नकद उस व्यक्ति को सौंप दिए।

खाता होल्ड होते ही खुला ठगी का राज, नंबर भी हुआ ब्लॉक

घटना के कुछ समय बाद जब मोहन लाल यादव को पता चला कि किसी साइबर अपराध की शिकायत के चलते उनका बैंक खाता होल्ड कर दिया गया है, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खाता फ्रीज होने से उनका पूरा व्यवसाय और दैनिक लेन-देन ठप पड़ गया है। जब उन्होंने संबंधित व्यक्ति से संपर्क साधने की कोशिश की, तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और उनका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। पीड़ित संचालक का कहना है कि लेन-देन के समय उन्हें इस बात का कतई अंदाजा नहीं था कि खाते में भेजी गई रकम किसी साइबर फ्रॉड या गैर-कानूनी गतिविधि से जुड़ी हुई है।

पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच व सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग

इस पूरे मामले में अब जिला पुलिस प्रशासन और साइबर सेल की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। पीड़ित मोहन लाल यादव ने एसपी को दिए आवेदन में मांग की है कि 13 नवंबर को दोपहर करीब 1:21 बजे के आसपास बंधन बैंक एटीएम (नियर के-स्क्वायर) और एसबीआई ब्रांच (बलपुरवा) के एटीएम केंद्रों के सीसीटीवी फुटेज तत्काल सुरक्षित कराए जाएं। इन फुटेज से यह स्पष्ट हो जाएगा कि नकदी निकालते समय आरोपी व्यक्ति खुद उनके साथ मौजूद था। साथ ही उन्होंने संबंधित बैंक प्रबंधन को निर्देश देने, एफआईआर व साइबर शिकायत का विवरण उपलब्ध कराने, और बैंक स्टेटमेंट व गूगल पे ट्रांजेक्शन के साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर उनके खाते से होल्ड हटाने की गुहार लगाई है।

प्रशासन और आम जनता के लिए बड़ा सबक

यह घटना शहर के अन्य ऑनलाइन सेंटर और कियोस्क संचालकों के लिए भी एक बड़ी चेतावनी है कि अनजान व्यक्तियों के कहने पर ऑनलाइन रकम लेकर नकदी देना कितना घातक साबित हो सकता है। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करते हुए असली साइबर ठगों तक पहुंचता है और पीड़ित व्यापारी को राहत दिलाता है।

Previous Post Next Post