छुट्टी होते ही मुख्य सड़क पर बेतरतीब खड़े हो रहे निजी वाहन,टैक्सियां और स्कूल बसें
Junaid Khan - शहडोल। शहर के प्रमुख आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र पांडवनगर में अव्यवस्थित यातायात अब आम जनता के लिए नासूर बनता जा रहा है। यहां स्थित एक निजी स्कूल की दोपहर ढाई बजे छुट्टी होते ही मुख्य मार्ग पर वाहनों का ऐसा रेला लगता है कि आधे घंटे से लेकर पौन घंटे तक पूरा रास्ता पूरी तरह चोक हो जाता है। बच्चों को लेने आने वाले अभिभावकों के दोपहिया-चारपहिया वाहनों के साथ-साथ नियमित रूप से चलने वाली टैक्सियों और स्कूल वाहनों के बीच सड़क पर ही खड़े होने से आवाजाही पूरी तरह ठप पड़ जाती है। इस भयावह जाम के कारण सबसे ज्यादा फजीहत उन स्थानीय नागरिकों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों की हो रही है, जिनके घर या दुकानें स्कूल से आगे पांडवनगर क्षेत्र में स्थित हैं। जरूरी काम से बाजार जाने वाले या काम निपटाकर घर लौटने वाले राहगीरों के लिए दोपहर के इस वक्त में स्कूल के सामने से गुजरना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं रह गया है, जिससे लोगों का कीमती समय रोजाना सड़क पर बर्बाद हो रहा है। प्रबंधन का अड़ियल रवैया और पॉलिटेक्निक मैदान की अनदेखी। इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों और जागरूक अभिभावकों ने कई बार आवाज उठाई है कि स्कूल प्रबंधन को परिसर के भीतर या किसी सुरक्षित स्थान पर वाहनों की पार्किंग और बच्चों को निकालने की सुगम व्यवस्था बनानी चाहिए, लेकिन प्रबंधन का रवैया बेहद निराशाजनक और उदासीन बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि स्कूल के ठीक सामने विशाल पॉलिटेक्निक मैदान उपलब्ध है, जहां दोपहर के समय वाहनों की अस्थाई पार्किंग कराकर मुख्य सड़क को पूरी तरह खाली और सुरक्षित रखा जा सकता है। इसके बावजूद न तो स्कूल संचालक इस दिशा में कोई सकारात्मक कदम उठा रहे हैं और न ही कोई सुरक्षा गार्ड तैनात कर यातायात को नियंत्रित करने की जहमत उठाई जा रही है। प्रशासन और यातायात विभाग की सुस्ती पर उठ रहे सवाल। एक तरफ जहां सरकार और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शहर को जाम मुक्त बनाने और सुगम यातायात के बड़े-बड़े दावे करते हैं, वहीं पांडवनगर की यह रोजमर्रा की समस्या यातायात पुलिस, नगर पालिका और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहर के पीक आवर्स में न तो यहां यातायात पुलिस का कोई जवान तैनात रहता है और न ही सड़क घेरकर खड़े होने वाले वाहनों पर कोई चालानी कार्रवाई की जाती है। प्रशासन की इसी ढिलाई के चलते स्कूल प्रबंधन बेखौफ है और आम जनता को रोजाना मानसिक तनाव व दुर्घटना के खतरे से जूझना पड़ रहा है। नागरिकों ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से स्कूल प्रबंधन को पॉलिटेक्निक मैदान में अस्थाई पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएं और दोपहर के समय यातायात जवानों की तैनाती कर आमजन को इस रोज के जाम से निजात दिलाई जाए।
