रातभर चिकन दुकान के टपरे में पड़ी रही लाश,सुबह दुकान खुलने पर मचा हड़कंप
तत्परता दिखाते हुए सोहागपुर थाना प्रभारी संजय जायसवाल व डायल-112 टीम ने संभाला मोर्चा
Junaid Khan - शहडोल। संभागीय मुख्यालय के सबसे व्यस्ततम और संवेदनशील माने जाने वाले बाणगंगा तिराहे के समीप मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक चिकन दुकान के टपरे में रखी खाट पर एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। सुबह जब दुकान संचालक अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने बिना देर किए तत्काल डायल-112 को इस घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सोहागपुर पुलिस प्रशासन ने गजब की मुस्तैदी दिखाई। थाना प्रभारी संजय जायसवाल पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर बारीकी से जांच शुरू कर दी। शुरुआती दौर में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन पुलिस की त्वरित छानबीन के बाद मृतक की शिनाख्त वार्ड क्रमांक 16, पटेल नगर निवासी 48 वर्षीय विजय पाठक के रूप में हुई, जो स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत मलेरिया विभाग में पदस्थ थे।
बीमारी के बावजूद शराब का सेवन बना काल या कुछ और?
पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों से हुई पूछताछ में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि विजय पाठक लंबे समय से पेट संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। थाना प्रभारी संजय जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए शराब के सेवन से सख्त मना किया था। बावजूद इसके, सोमवार रात वे घर नहीं पहुंचे। जब परिजन उनकी तलाश करते हुए बाणगंगा तिराहे के पास पहुंचे, तो विजय पाठक शराब के नशे में धुत मिले और परिजनों के लाख समझाने के बावजूद उन्होंने घर जाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद वे वहीं पास स्थित चिकन दुकान के खुले टपरे में रखी खाट पर सो गए, जहां रात के अंधेरे में उनकी सांसें थम गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
रात्रि गश्त, खुले टपरे और विभाग की अनदेखी पर सुलगते सवाल
एक सरकारी कर्मचारी की इस तरह सड़क किनारे खुले टपरे में हुई मौत ने स्थानीय प्रशासन, नगर पालिका और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। शहर के मुख्य तिराहे पर रातभर नशे की हालत में एक कर्मचारी पड़ा रहा, लेकिन रात्रि गश्त और नगर पालिका के अतिक्रमण व सुरक्षा अमले की नजर उस पर नहीं पड़ी। वहीं, दूसरी ओर मलेरिया और स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या अपने ही विभाग के एक बीमार कर्मचारी की काउंसलिंग या सुध लेने की जिम्मेदारी किसी की नहीं थी? इसके अलावा, शहर में अवैध शराब की सहज उपलब्धता और देर रात तक खुले रहने वाले टपरों पर आबकारी व स्थानीय प्रशासन का नियंत्रण न होना भी इस तरह की दुखद घटनाओं को न्योता दे रहा है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। अब पूरे शहर की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों से पर्दा उठ सकेगा।
