चिकित्सा सुरक्षा कानून लागू,कोतवाली निरीक्षक राजकुमार मिश्रा के निर्देशन में बीएनएस व मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट के तहत मामला कायम। डॉ. नीरज जायसवाल से अभद्रता,तीन युवकों की मौत से भड़की भीड़ ने इमरजेंसी वार्ड में मचाया था तांडव, सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ की शिकायत पर हुई कार्रवाई
Junaid Khan - शहडोल। जिला चिकित्सालय शहडोल के इमरजेंसी वार्ड में ऑन-ड्यूटी चिकित्सक के साथ हुई मारपीट,गाली-गलौज और शासकीय संपत्ति में तोड़फोड़ के बहुचर्चित मामले में अब पुलिस और प्रशासन का सख्त रुख सामने आया है। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए बनाए गए कड़े कानूनों का पालन करते हुए कोतवाली पुलिस ने इस गंभीर प्रकरण में त्वरित संज्ञान लिया है। घटना 9 नवंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है, जब तालाब के पानी में डूबे तीन नवयुवकों को अचेत अवस्था में जिला अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में लाया गया था। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. नीरज कुमार जायसवाल ने तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण किया और जांच के उपरांत पाया कि तीनों युवकों की मृत्यु अस्पताल लाने से पूर्व ही हो चुकी थी। यह दुखद खबर सुनते ही मृतकों के साथ आए परिजनों व अनियंत्रित उपद्रवियों की भीड़ का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने अस्पताल परिसर की मर्यादा को तार-तार करते हुए इमरजेंसी वार्ड में जमकर तांडव मचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों और दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, बलपूर्वक इमरजेंसी विभाग में घुसी भीड़ ने न केवल चिकित्सकीय टेबल पर रखी जीवनरक्षक सामग्रियों को फेंककर टेबल पलट दी, बल्कि सेवा भाव से ड्यूटी कर रहे डॉ. नीरज जायसवाल का कॉलर पकड़कर उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए थप्पड़ जड़ दिया। उपद्रवियों ने डॉक्टर और मौके पर मौजूद अन्य चिकित्सा स्टाफ को बेहद गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। इस हिंसक वारदात से जिला अस्पताल के डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. शिल्पी सराफ ने शासकीय पत्र क्रमांक 3641-3642 के माध्यम से कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की, जिसकी प्रतिलिपि कलेक्टर शहडोल, पुलिस अधीक्षक शहडोल और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को भी प्रेषित की गई।
सिविल सर्जन के आवेदन पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार मिश्रा के निर्देशन में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूक्ष्म जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने आवेदक सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ, पीड़ित चिकित्सक डॉ. नीरज कुमार जायसवाल, डॉ. अनुराग हर्ष दुबे, नर्सिंग स्टाफ ललित कुमार मालवीय और वार्ड बॉय धनीराम बैगा के विस्तृत कथन दर्ज किए। बयानों और साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रथम दृष्टया अपराध प्रमाणित पाए जाने पर 12 नवंबर 2026 को प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर क्रमांक 0566) पंजीबद्ध की गई। कायमीकर्ता उपनिरीक्षक आनंद कुमार झरिया द्वारा दर्ज इस मामले में आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 121(1), 132, 296(ख), 351(2), 3(5) के साथ ही म.प्र. चिकित्सक तथा चिकित्सा सेवा से संबंधित व्यक्तियों की सुरक्षा अधिनियम 2008 की धारा 3/4 एवं सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3(1) जैसी कठोर धाराएं लगाई गई हैं। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक उपेंद्र कुमार त्रिपाठी को सौंपी गई है, जो अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान में जुट गए हैं।
पुलिस की इस त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई से जहां एक ओर चिकित्सक समाज ने राहत की सांस ली है और प्रशासन की तत्परता की सराहना हो रही है, वहीं दूसरी ओर जिला अस्पताल की लचर सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल प्रबंधन का स्पष्ट कहना है कि आए दिन होने वाली इस तरह की अराजक घटनाओं से न केवल चिकित्सकों का मनोबल गिरता है, बल्कि दूर-दराज से इलाज की आस लेकर आने वाले अन्य गंभीर मरीजों की देखरेख और उपचार भी बुरी तरह प्रभावित होता है। ऐसे में अब शासन-प्रशासन से यह पुरजोर मांग उठ रही है कि जिला चिकित्सालय परिसर में 24 घंटे पुख्ता पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा घेरा मजबूत किया जाए, ताकि धरती के भगवान कहे जाने वाले चिकित्सक बिना किसी भय और दबाव के निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

