तीसरी बार प्रांताध्यक्ष बनने के बाद पहली बार शहडोल पहुंच रहे हैं दुबे; प्रशासनिक अनदेखी व पेंशनर्स की लंबित मांगों को लेकर बनेगी आर-पार की रणनीति
Junaid Khan - शहडोल। प्रदेश के सेवानिवृत्त कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों की लंबित मांगों तथा प्रशासनिक स्तर पर हो रही अनदेखी के खिलाफ अब आवाज बुलंद होने जा रही है। वरिष्ठ नागरिक पेंशन एसोसिएशन मध्यप्रदेश के तीसरी बार निर्वाचित प्रांताध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार दुबे अपने दो दिवसीय महत्वपूर्ण प्रवास पर 14 और 15 नवंबर को शहडोल आ रहे हैं। लगातार तीसरी बार संगठन की कमान संभालने के बाद उनका यह पहला शहडोल दौरा है, जिसे लेकर संभाग भर के पेंशनरों में भारी उत्साह और प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। प्रांताध्यक्ष के इस प्रवास का मुख्य उद्देश्य संगठन की मजबूती के साथ-साथ सरकार और संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा पेंशनर्स की समस्याओं के निराकरण में बरती जा रही उदासीनता की समीक्षा कर आगामी आंदोलन व संवाद की रूपरेखा तैयार करना है। कार्यकारी प्रांताध्यक्ष एवं शहडोल-रीवा संभाग प्रभारी श्री राम नरेश तिवारी तथा संभागीय अनुशासन समिति के अध्यक्ष श्री रमाशंकर गौतम (सेवानिवृत्त प्राचार्य, डाइट) ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि प्रांताध्यक्ष श्री दुबे 14 नवंबर की शाम जबलपुर-अंबिकापुर एक्सप्रेस से शहडोल रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। स्टेशन पर पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत के पश्चात वे सीधे घरौला मोहल्ला स्थित होटल महाराजा पैलेस पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। इसके अगले दिन 15 नवंबर को होटल महाराजा पैलेस के सभागार में संभाग स्तरीय अनुशासन समिति एवं कार्यकारिणी की एक अति-महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान प्रांतीय महामंत्री श्री के. एस. ठाकुर एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री इंद्र कुमार शर्मा भी विशेष रूप से उनके साथ मौजूद रहेंगे। बैठक के उपरांत 15 नवंबर की रात्रि 10 बजे प्रांताध्यक्ष श्री दुबे कार्यकारी प्रांतीय अध्यक्ष श्री राम नरेश तिवारी के साथ रीवा के लिए प्रस्थान करेंगे। संभागीय अनुशासन समिति के अध्यक्ष श्री रमाशंकर गौतम ने स्पष्ट किया है कि यह बैठक संगठन के अनुशासन और पेंशनर्स के हक की लड़ाई के लिहाज से मील का पत्थर साबित होगी। बैठक में जिले के संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों—जैसे महंगाई राहत, चिकित्सा सुविधा और पेंशन विसंगतियों—को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी मंथन किया जाएगा, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को अपने जायज हकों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। इस महत्वपूर्ण बैठक में अनुशासन समिति के सभी सम्मानीय सदस्यों सहित शहडोल जिला अध्यक्ष श्री डी. एस. राव, उमरिया जिला अध्यक्ष श्री बृजभान प्रसाद मिश्रा तथा शहडोल जिला कार्यकारिणी व संभागीय कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के सख्त निर्देश प्रांताध्यक्ष द्वारा जारी किए गए हैं।
