कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने सांदीपनि विद्यालय बुढार-कटकोना के निर्माणाधीन भवन का किया निरीक्षण

निर्माण कार्य में धीमी प्रगति पर निर्माण एजेंसी को दंड लगाने संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं बने शौचालयों को तोड़कर पुनः निर्माण कराने को कहा


Junaid Khan - शहडोल। 13 नवंबर 2026 कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने सांदीपनि विद्यालय बुढार-कटकोना के निर्माणाधीन भवन तथा बालक एवं बालिका छात्रावास के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने महाप्रबंधक भवन निर्माण मंडल शहडोल को निर्देश दिए कि निर्माण एजेंसी को पेनाल्टी लगाने संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए तथा निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भवन में बनाए जा रहे शौचालयों का माप स्वयं करवाकर उनके आकार एवं निर्माण की गुणवत्ता का परीक्षण किया। निर्धारित मापदंडों के अनुरूप शौचालयों का आकार नहीं पाए जाने तथा फ्लश की निर्धारित साइज सही नहीं होने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे निर्माण कार्यों को तोड़कर निर्धारित मापदंडों के अनुसार पुनः निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने निर्माणाधीन विद्यालय भवन के साथ बालक एवं बालिका छात्रावास के निर्माण कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। कलेक्टर ने विद्यालय एवं छात्रावास परिसर को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए परिसर में आवश्यक सड़क निर्माण कराने, वृक्षारोपण करने तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित कर पूरे परिसर को सुसज्जित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता के साथ कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री आनंद राय सिन्हा, बीईओ श्री चंदेल, तहसीलदार बुढार श्री मनोज सिंह तथा भवन निर्माण मंडल के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post