संयुक्त निदेशक ने सोहागपुर के तीन गांवों में अरहर फसल का किया निरीक्षण,किसानों को दी उन्नत खेती की जानकारी

दलहन उत्पादन बढ़ाने, फली छेदक कीट नियंत्रण, ड्रोन तकनीक एवं जैव कीटनाशकों के उपयोग के बारे में किसानों को किया जागरूक


Junaid Khan - शहडोल। 19 नवंबर 2026 भारत सरकार के दलहन विकास निदेशालय, भोपाल के संयुक्त निदेशक श्री विपिन कुमार ने 18 नवंबर 2026 को शहडोल जिले के सोहागपुर विकासखंड के ग्राम लमरो, मझगवां एवं पचड़ी में अरहर फसल का निरीक्षण किया तथा उपस्थित किसानों से चर्चा कर दलहनी फसलों के महत्व, उत्पादन बढ़ाने और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। इस दौरान श्री विपिन कुमार ने किसानों को बताया कि भारत विश्व की सबसे बड़ी जनसंख्या वाला देश है और यहां खाद्य एवं पोषण सुरक्षा एक महत्वपूर्ण चुनौती है। देश ने बीते दशकों में अनाज उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल की है, लेकिन शरीर के विकास, प्रतिरक्षा क्षमता और मानसिक स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण प्रोटीन की उपलब्धता भी आवश्यक है। दलहनी फसलें मानव शरीर को सस्ता एवं भरपूर प्रोटीन उपलब्ध कराने के साथ मिट्टी की प्राकृतिक उर्वरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बताया कि दलहनी फसलों को गेहूं एवं धान की तुलना में कम सिंचाई और खाद की आवश्यकता होती है। इसलिए ये फसलें सूखाग्रस्त एवं कम उपजाऊ क्षेत्रों के किसानों के लिए भी लाभदायक हैं। दलहनी फसलों की जड़ों में पाए जाने वाले राइजोबियम जीवाणु वायुमंडल से नाइट्रोजन लेकर मिट्टी में उपलब्ध कराते हैं, जिससे भूमि की उर्वरता बढ़ती है और यूरिया जैसे रासायनिक उर्वरकों पर होने वाला खर्च कम होता है।

फली छेदक कीट के नियंत्रण की दी जानकारी

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ब्रजकिशोर प्रजापति ने किसानों को अरहर की फसल में लगने वाले फली छेदक कीट की पहचान एवं नियंत्रण के उपाय बताए। उन्होंने बताया कि यह कीट हरी एवं मुलायम पत्तियों को नुकसान पहुंचाता है तथा फली बनने के बाद उनमें छेद कर दानों को खाता है। इसके नियंत्रण के लिए फेरोमोन ट्रैप लगाकर नियमित निगरानी करनी चाहिए। जब 24 घंटे में प्रति ट्रैप 5 से 6 नर कीट मिलने लगें, तब नियंत्रण के उपाय अपनाने चाहिए। इसके अतिरिक्त न्यूक्लियर पॉलीहेड्रोसिस विषाणु का 250 लार्वा समतुल्य प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव, परभक्षी पक्षियों के बैठने के लिए खेत में टी आकार की लकड़ी लगाने तथा नीम तेल के 5 प्रतिशत घोल का छिड़काव करने की सलाह दी।

ड्रोन तकनीक से कम समय और लागत में होगा छिड़काव

डॉ. प्रजापति ने कृषि में ड्रोन तकनीक के उपयोग के लाभ बताते हुए कहा कि ड्रोन से फसलों में उर्वरकों एवं कीटनाशकों का छिड़काव कम समय में किया जा सकता है। इससे श्रम एवं ईंधन की बचत होती है। साथ ही रसायनों के अनावश्यक एवं अत्यधिक उपयोग को कम करने में भी मदद मिलती है।

जैव कीटनाशक एवं कृषि आधारित व्यवसाय अपनाने की सलाह 

सहायक संचालक कृषि श्री रमेन्द्र सिंह ने किसानों को उन्नत खेती, बीज उपचार, फेरोमोन ट्रैप, पौध संरक्षण, जैविक खाद निर्माण, वर्षा जल प्रबंधन एवं सिंचाई के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने नीमास्त्र, अग्निअस्त्र, दशपर्णी, ब्रह्मास्त्र, मिर्च-अदरक अर्क, नीम-गौमूत्र अर्क, बीजामृत, लैंटाना अर्क एवं ताम्र लस्सी जैसे जैविक कीट नियंत्रण उपायों को तैयार करने और उपयोग करने की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों को कृषि के साथ पशुपालन, कुक्कुट पालन, डेयरी उद्योग, फल उत्पादन एवं मशरूम उत्पादन जैसे कृषि आधारित व्यवसाय अपनाकर अपनी आय बढ़ाने के लिए भी प्रेरित किया।

कीटनाशकों के छिड़काव में सावधानी बरतने की अपील

वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सोहागपुर श्रीमती रेखा अहिरवार एवं कृषि विस्तार अधिकारी सुश्री भावना मिश्रा ने किसानों को खरपतवारनाशी, फफूंदनाशी एवं कीटनाशकों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रासायनिक दवाओं का छिड़काव करते समय दस्ताने, मास्क, चश्मा, एप्रन एवं गमबूट का उपयोग करना चाहिए, ताकि दवाएं त्वचा अथवा सांस के माध्यम से शरीर में प्रवेश न करें। छिड़काव सुबह या देर शाम को कम हवा चलने के दौरान करना चाहिए तथा तेज धूप में छिड़काव से बचना चाहिए। दवाओं का घोल साफ पानी में लकड़ी की छड़ी से तैयार करना चाहिए। छिड़काव के बाद स्प्रेयर पंप को पानी से अच्छी तरह साफ करना भी आवश्यक है। निरीक्षण एवं किसान संवाद के दौरान अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने, दलहनी फसलों का रकबा बढ़ाने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन एवं आय में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया।

Previous Post Next Post