नगर में सुबह-शाम दो पालियों में होगी सफाई, व्यावसायिक क्षेत्रों में शुरू होगी रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था

मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेंद्र भंडारी ने स्वच्छता शाखा के अधिकारियों एवं सफाई जोन प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेकर दिए सख्त निर्देश 


Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 19नवंबर 2026। नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने आज नगर पालिका कार्यालय में स्वच्छता शाखा के अधिकारियों, सफाई जोन प्रभारियों एवं संबंधित कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा स्वच्छता कार्यों में नियमितता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर की सफाई व्यवस्था प्रतिदिन दो पालियों में अनिवार्य रूप से संचालित की जाए। इसके तहत प्रातः 7 बजे से 10 बजे तक तथा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक सफाई कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी सफाई कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों, बाजारों एवं मुख्य मार्गों पर रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए, ताकि दिनभर की व्यावसायिक गतिविधियों के बाद सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों की बेहतर तरीके से सफाई सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही नगर में आवारा मवेशियों की समस्या पर नियंत्रण के लिए हांका दल को सक्रिय करते हुए नियमित रूप से आवारा मवेशियों को पकड़ने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि नगर में गंदगी फैलाने वाले छोटे-बड़े दुकानदारों एवं अन्य व्यक्तियों को पहले समझाइश दी जाए। इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं करने और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि यह कार्रवाई प्रतिदिन नियमित रूप से जारी रहनी चाहिए। उन्होंने सभी सफाई जोन प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की सतत निगरानी करने तथा प्रतिदिन की कार्यवाही की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी स्वयं भी प्रतिदिन नगर भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। अंत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने नगरवासियों से अपील की कि वे नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें। कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएं तथा स्वच्छता नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर पालिका की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहयोग से ही शहडोल को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित नगर बनाया जा सकता है।

Previous Post Next Post