नशे के सौदागरों की अब खैर नहीं,शहडोल रेंज की पुलिस को मिली 'हाईटेक' और कानूनी ट्रेनिंग

अदालत में नहीं बचेंगे अपराधी,एनडीपीएस एक्ट की बारीकियों को समझकर पुलिस तैयार करेगी फूलप्रूफ केस डायरी, तकनीकी खामियों पर लगेगी लगाम


Junaid Khan - शहडोल। प्रदेश को नशामुक्त बनाने के सरकार के संकल्प और पुलिस मुख्यालय भोपाल के सख्त निर्देशों को जमीन पर उतारने के लिए शहडोल पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी तीन वर्षों में देश को मादक पदार्थों के चंगुल से पूरी तरह मुक्त करने के राष्ट्रीय लक्ष्य के तहत अब सिर्फ धरपकड़ ही नहीं, बल्कि अपराधियों को सलाखों के पीछे सख्त सजा दिलाने की रणनीति पर काम शुरू हो गया है। इसी कड़ी में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) शहडोल रेंज श्री विवेक सिंह के कुशल निर्देशन में गुरुवार (26 नवंबर 2026) को कलेक्ट्रेट के विराट सभागार में एक दिवसीय रेंज स्तरीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। अक्सर देखा जाता था कि जमीनी स्तर पर पुलिस जान जोखिम में डालकर तस्करों को पकड़ती तो थी, लेकिन विवेचना में रह गई छोटी-मोटी तकनीकी और प्रक्रियात्मक त्रुटियों का फायदा उठाकर मादक पदार्थों के सौदागर अदालत से बरी हो जाते थे। पुलिस प्रशासन की इस दूरदर्शी पहल ने इस बड़ी कमी को जड़ से खत्म करने की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ाया है, जिसकी जिले भर में सराहना हो रही है।

तकनीकी खामियों पर प्रहार और साक्ष्य संकलन का महामंत्र

कार्यशाला में इंदौर की नारकोटिक्स विंग से विशेष रूप से पधारे निरीक्षक श्री राकेश चौधरी और उप निरीक्षक श्री अजय शर्मा ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को एनडीपीएस एक्ट (1985) के हर एक पेचीदा पहलू से रूबरू कराया। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए तलाशी, जब्ती, नमूना संकलन और उनके सुरक्षित रखरखाव की वैधानिक प्रक्रिया का अक्षरशः पालन करना अनिवार्य है। प्रशिक्षण के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि विवेचना के दौरान ऐसी कोई भी चूक न हो, जिससे न्यायालय में अभियोजन पक्ष कमजोर पड़े। पुलिस की इस मुहिम से साफ है कि अब क्षेत्र में नशे का काला कारोबार करने वाले माफियाओं के लिए बच निकलने के सभी कानूनी रास्ते बंद होने जा रहे हैं।

हाईटेक तकनीक से जुड़ा रेंज का हर थाना, दिग्गज रहे मौजूद

प्रशासनिक कार्यकुशलता और तकनीक के बेहतरीन तालमेल का उदाहरण पेश करते हुए इस कार्यशाला में शहडोल रेंज के अंतर्गत आने वाले तीनों जिलों शहडोल, उमरिया और अनूपपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया। वहीं, फील्ड में तैनात तीनों जिलों के विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारी और विवेचक कर्मचारी लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से सीधे इस प्रशिक्षण से जुड़े और कानून की बारीकियां सीखीं। पुलिस अधिकारियों की कार्यक्षमता और विवेचना कौशल को सुदृढ़ करने वाले इस महत्वपूर्ण आयोजन में पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. श्री संजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दीवान, नगर पुलिस अधीक्षक श्री राजेन्द्र मोहन दुबे, उप पुलिस अधीक्षक (महिला प्रकोष्ठ) श्रीमती शिवाली चतुर्वेदी तथा रक्षित निरीक्षक श्री अनिरुद्ध मीणा सहित रेंज के तमाम जिम्मेदार अधिकारी कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन की यह सक्रियता निश्चित रूप से नशे के अवैध कारोबार पर परिणामोन्मुखी प्रहार साबित होगी।

Previous Post Next Post