लेगेसी वेस्ट रेमेडिएशन में आई रफ्तार

डंपिंग ग्राउंड का होगा वैज्ञानिक निस्तारण, शहर को मिलेगा स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण


Junaid khan - शहडोल। 17 फरवरी 2026। नगर पालिका परिषद शहडोल ने शहर में वर्षों से डंपिंग साइट पर जमा पुराने ठोस कचरे (लेगेसी वेस्ट) के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए रेमेडिएशन कार्य में तेजी ला दी है। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करते हुए नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा भंडारी ने जमुआ एवं कोटमा स्थित कचरा प्रसंस्करण केंद्रों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर कचरे की अव्यवस्थित स्थिति पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डंपिंग ग्राउंड पर आधुनिक मशीनों के माध्यम से कचरे की वैज्ञानिक छंटाई की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।

वैज्ञानिक तरीके से होगा कचरे का प्रबंधन 

रेमेडिएशन प्रक्रिया के तहत प्लास्टिक, धातु एवं अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को अलग कर अधिकृत रिसाइक्लिंग इकाइयों को भेजा जा रहा है, जबकि अनुपयोगी अवशेषों का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारण किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार कार्य पूर्ण होने के बाद डंपिंग स्थल से निकलने वाली दुर्गंध, हानिकारक गैसों के उत्सर्जन और भूजल प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी। इससे आसपास के रहवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हरित क्षेत्र के रूप में होगा विकास। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि यह कार्य शासन की स्वच्छता संबंधी योजनाओं के अंतर्गत प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। रेमेडिएशन कार्य पूर्ण होने के पश्चात खाली हुई भूमि का उपयोग हरित क्षेत्र विकसित करने अथवा अन्य जनहितकारी परियोजनाओं के लिए किया जाएगा। अमृत 2.0 एवं अन्य कार्यों की भी समीक्षा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यू बस स्टैंड क्षेत्र तथा अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत पुरानी बस्ती एवं जिला चिकित्सालय के पास निर्माणाधीन पानी टंकी का भी जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए। 

नागरिकों से सहयोग की अपील 

नगर पालिका परिषद ने शहरवासियों से अपील की है कि वे घरों में गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण अनिवार्य रूप से करें और स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग दें, ताकि भविष्य में लेगेसी वेस्ट जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान पुनीत त्रिपाठी, शरद द्विवेदी, मोतीलाल सिंह, अनिल महोबिया, हरिओम तोमर सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post