आंदोलन की चेतावनी श्री दुर्गा माता सेवा समिति ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन,07 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा धरना
Junaid khan - शहडोल। शहर के प्रसिद्ध श्री विराटेश्वरी धाम दुर्गा मंदिर के सामने स्थित सार्वजनिक पार्किंग भूमि पर अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। श्री दुर्गा माता सेवा समिति ने इस संबंध में कलेक्टर शहडोल को ज्ञापन सौंपकर अवैध निर्माण हटाने और पूर्ववत पार्किंग व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है। समिति द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि मंदिर परिसर के सामने की नजूल भूमि पूर्व में श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग हेतु आवंटित की गई थी। पूर्व कलेक्टर डॉ. सत्येंद्र सिंह द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह भूमि सार्वजनिक पार्किंग के रूप में सुरक्षित की गई थी तथा नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा वहां बैरियर भी लगाया गया था। आरोप है कि कुछ भू-माफियाओं द्वारा उक्त भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर बैरियर को तोड़ दिया गया और वहां तीन दुकानों का निर्माण कर शटर लगा दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार इन दुकानों को 40 से 50 लाख रुपये में बेचने की तैयारी भी की जा रही है। समिति का कहना है कि यदि इन दुकानों का संचालन प्रारंभ हो गया तो पार्किंग स्थल बाधित होगा और श्रद्धालुओं को वाहन खड़ा करने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। साथ ही आए दिन विवाद की स्थिति निर्मित हो सकती है। 07 दिन में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि अवैध निर्माण तत्काल हटाकर पूर्ववत बैरियर का निर्माण कराया जाए। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो समस्त श्रद्धालु कलेक्टर कार्यालय के समक्ष धरना-आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। मामला सामने आने के बाद शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है और लोगों की नजर अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है।

