संभाग और जिले में जनसुनवाई: कमिश्नर व कलेक्टर ने सुनीं समस्याएं, त्वरित निराकरण के निर्देश
Junaid khan - शहडोल। 17 फरवरी 2026। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को संभाग और जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन किया गया। संभागीय मुख्यालय में कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने दूर-दराज से पहुंचे नागरिकों की शिकायतें सुनीं, वहीं कलेक्टर कार्यालय के सोन सभागार में कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जिलेभर से आए आवेदकों की समस्याओं पर सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। कमिश्नर कार्यालय में सुनवाई, अवैध निर्माण से लेकर जन्मतिथि सुधार तक के आवेदन शहडोल संभाग की कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने जनसुनवाई के दौरान विभिन्न प्रकरणों पर गंभीरता से विचार किया। धनपुरी निवासी श्रीमती रोशनी वारंदानी ने अवैध निर्माण कार्य रुकवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। शहडोल निवासी बालकृष्ण वर्मा ने आईएफएमआईएस पोर्टल में जन्मतिथि सुधार कराने का आग्रह किया, जबकि वार्ड क्रमांक 9 की सावित्री देवी ने मकान खाली करवाने एवं संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की। कमिश्नर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए निर्देशित किया कि प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर तय समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर की साप्ताहिक जनसुनवाई में जमीन, राशन कार्ड और अनुकंपा नियुक्ति के मुद्दे प्रमुख
कलेक्टर कार्यालय के सोन सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। ग्राम गोरतरा निवासी शिवलाल बैगा ने परिवार की सहमति से अलग पट्टा बनवाने एवं भूमि को न बेचने संबंधी आवेदन दिया। ग्राम कोटरी की संध्या शर्मा ने राशन कार्ड बनवाने, ग्राम खड्डा के रामकेश पटेल ने भूमि सीमांकन कराने तथा ग्राम मिठौरी के अनुराग सिंह ने भूमि का नक्शा उपलब्ध कराने की मांग रखी। शहडोल निवासी शंभू प्रसाद बैगा ने अनुकंपा नियुक्ति दिलाए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए। जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती एंटोनिया एक्का सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। आमजन को मिल रहा समाधान का मंच संभाग और जिला स्तर पर आयोजित जनसुनवाई से आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

