पुरानी रंजिश में युवक की बाइक को लगाई आग, दिनदहाड़े वारदात से गांव में मचा हड़कंप

पुरानी रंजिश में युवक की बाइक को लगाई आग, दिनदहाड़े वारदात से गांव में मचा हड़कंप 


Junaid Khan - शहडोल। जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बहेरहा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की मोटरसाइकिल को दिनदहाड़े आग के हवाले कर दिया गया। गांव के बीच हुई इस सनसनीखेज घटना से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोपी पेट्रोल डालकर बाइक में आग लगाने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक दीपू साकेत, निवासी ग्राम छिरहा थाना ब्यौहारी, होली के अवसर पर अपने जीजा और दीदी के घर जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के बहेरहा गांव आया हुआ था। बताया जा रहा है कि घटना के दिन दीपू अपनी मोटरसाइकिल से गांव की एक किराना दुकान पर सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में गांव का ही हीरालाल चौधरी अपनी बाइक से वहां पहुंच गया और दीपू को रोककर उससे विवाद करने लगा। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले आरोपी का विवाद दीपू के जीजा और दीदी से हुआ था। उसी पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी पहले से ही नाराज चल रहा था। इसी बात को लेकर उसने रास्ते में दीपू को घेर लिया और बहस के दौरान अचानक अपने साथ लाई बोतल से मोटरसाइकिल पर पेट्रोल छिड़क दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेट्रोल डालते ही आरोपी ने बाइक में आग लगा दी। देखते ही देखते आग की लपटें तेज़ी से फैल गईं और बीच गांव में खड़ी मोटरसाइकिल धू-धू कर जलने लगी। दिनदहाड़े हुई इस घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पानी और अन्य साधनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। कुछ ही मिनटों में मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी हीरालाल चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव में दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।

Previous Post Next Post