कर्तव्य निभाते-निभाते थम गई धड़कन: एएसआई हितेंद्र तोमर पंचतत्व में विलीन, पुलिस सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

कर्तव्य निभाते-निभाते थम गई धड़कन: एएसआई हितेंद्र तोमर पंचतत्व में विलीन, पुलिस सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई


Junaid Khan - शहडोल। जिले के सोहागपुर क्षेत्र के निवासी एवं मध्यप्रदेश पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक (ए.एस.आई.) हितेंद्र तोमर का ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। इस दुखद घटना से पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार पुलिसकर्मी के रूप में पहचाने जाने वाले हितेंद्र तोमर के निधन की खबर मिलते ही सहकर्मियों और क्षेत्रवासियों में गहरा दुख व्याप्त हो गया। बताया गया है कि एएसआई हितेंद्र तोमर वर्तमान में अनूपपुर पुलिस लाइन में पदस्थ थे। ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और हृदय गति रुक जाने से उनका निधन हो गया। वे अपने कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान ही अंतिम सांस लेकर हमेशा के लिए इस दुनिया को अलविदा कह गए। उनके निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। विभाग द्वारा उन्हें मरणोपरांत शहीद का दर्जा देते हुए पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस गारद द्वारा सैनिक सलामी दी गई और उपस्थित अधिकारियों व जवानों ने नम आंखों से अपने साथी को श्रद्धांजलि अर्पित की।अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, परिजन और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। स्वर्गीय हितेंद्र तोमर अपने सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। उनके अचानक निधन से न केवल पुलिस विभाग बल्कि पूरे क्षेत्र ने एक समर्पित और जिम्मेदार अधिकारी को खो दिया है।

Previous Post Next Post