गर्मी के मौसम में सावधानी बरतें,स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
Junaid Khan - शहडोल। 19 अप्रैल 2026- मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए आमजन के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है तथा हीट वेव (लू) से बचाव के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, हल्के एवं ढीले कपड़े पहनें तथा सिर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें। गर्मी के मौसम में अधिक से अधिक पानी पिएं, ठंडे पेय पदार्थ जैसे नींबू पानी, छाछ, लस्सी आदि का सेवन करें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें। बाहर से आने के बाद तुरंत ठंडा पानी पीने से बचें और शरीर को सामान्य तापमान पर आने दें। उन्होंने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। तेज बुखार, चक्कर आना, उल्टी या कमजोरी महसूस होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। सभी शासकीय, अशासकीय, शैक्षणिक एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। साथ ही सभी स्वास्थ्य संस्थानों में ओआरएस, पर्याप्त पेयजल एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। उन्होंने आमजन से अपील की है कि गर्मी के मौसम में सावधानी बरतें और स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
