कमिश्नर ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से शासन की प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की

लंबित राजस्व प्रकरणों की नियमित सुनवाई कर गुणवत्ता के साथ राजस्व प्रकरणों का राजस्व अधिकारी करें निराकरण- कमिश्नर 


Junaid Khan - शहडोल। 16 अप्रैल 2026- आयुक्त शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से शासन की प्रमुख योजनाअेां के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने सुशासन के तहत राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि बटवारा, सीमांकन तथा नामांतरण के प्रकरणों की राजस्व अधिकारी समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा से बाहर नहीं जाए। सभी राजस्व प्रकरणों का पंजीयन करके उनके निराकरण की गुणवत्ता की भी मानीटरिंग वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाए। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री के पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। वीडियो कान्फ्रेसिंग में संभाग की तीनों जिलों शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, अनूपपुर कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली, उमरिया कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय तथा तीनों जिलों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने कहा कि ग्रीष्मऋतु को देखते हुए जिलों में ऐसे स्थानों को चिन्हित कर लिया जाए जहां पेयजल की समस्या संभावित है। उन स्थानों में पेयजल की पृथक से व्यवस्था की जाए। खराब हैण्डपंपों या भू-जल स्तर गिरने के कारण जहां हैण्डपंप काम नहीं कर रहे हैं। वहां नए हैण्डपंप उत्खनन तथा खराब हैण्डपंपों की मरम्मत का कार्य त्वरित रूप से किया जाए। जल जीवन मिशन के तहत संचालित नल जल योजनाओं का नियमित संचालन हो तथा जहां पाईप लाईन या बिजली सप्लाई अथवा बिजली पंप के खराब होने की शिकायतें मिलने पर त्वरित सुधार किया जाए। नल जल योजनाओं का शीघ्रता के साथ ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण किया जाए। 

शासन द्वारा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत चिन्हित सेवाएं उपलब्ध कराई जाती है। प्राप्त आवेदनों का सकारात्मक निराकरण किया जाए। अनावश्यक रूप से आवेदन रिजेक्ट नहीं किए जाएं। जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह प्राथमिकता की योजना है। अभियान के तहत पूर्व वर्षों में शुरू किए गए जल गंगा संवर्धन के कार्याें को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही इस वर्ष की कार्य योजना के अनुरूप लिए गए कार्यों में भी तेजी से कार्य करते हुए लक्ष्य को पूरा करें। शहरी क्षेत्रों में भी अमृत 2.0 के तहत लिए गए तालाबों के सौंदर्यीकरण तथा पार्क निर्माण के कार्याें की नियमित मानीटरिंग की जाए। शहरी क्षेत्रों के तालाबों में भी साफ-सफाई, घाट निर्माण, अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाए। ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों सहित सार्वजनिक स्थलों में प्याऊ संचालित किए जाएं। संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा करते हुए अभियान के दौरान प्राप्त शत-प्रतिशत प्रकरणों का निराकरण करने तथा विभागवार स्वीकृत प्रकरणों की समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्कूलें संचालित हैं एचपीव्ही अभियान के तहत पात्र छात्राओं के वैक्सीनेशन का कार्य 30 अप्रैल तक पूरा कर लिया जाए। वय वंदना योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक उम्र वाले व्यक्तियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। 

कमिश्नर ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय कार्यक्रम है। यह कार्य समय-सीमा में पूर्ण किया जाना है। शासन की गाईड लाईन के अनुसार प्रगणकों एवं सुपरवाईजरों का प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया जाए। जो प्रगणक या सुपरवाईजर कार्य करने में सक्षम नहीं हैं। उन्हें डियूटी में नहीं लगाया जाए। वर्तमान में स्वगणना का कार्य किया जा रहा है। 01 मई से 30 मई तक मकान गणना का कार्य किया जाएगा। जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। कमिश्नर ने कहा कि किसानों को खाद का वितरण ई-विकास पोर्टल के माध्यम से ऑनलाईन किया जाए। शासन द्वारा नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा मनाया जा रहा है। शासन की मंशा अनुसार सभी जिलों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।

Previous Post Next Post