बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु पुलिस अधीक्षक शहडोल के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों ने किया निरीक्षण
Junaid Khan - शहडोल। जिले में बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं चाक-चौबंद बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महोदय, शहडोल के निर्देशों के परिपालन में दिनांक 18.04.2026 को जिले के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले बैंकों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई। बैंक कर्मचारियों की सतर्कता और जागरूकता से ही सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान यह सख्त हिदायत दी गई कि ऐसे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति पर विशेष निगाह रखी जाए जिसका बैंक में कोई स्पष्ट कार्य न हो। यदि ऐसा कोई व्यक्ति दिखाई पड़ता है, तो उससे तत्काल पूछताछ की जाए और आवश्यकता महसूस होने पर अविलंब संबंधित थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया जाए ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैंक प्रबंधन को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
1.आर.बी.आई. गाइडलाइन का पालनः रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) द्वारा निर्धारित सुरक्षा संबंधी मापदंडों एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
2.सायरन एवं पैनिक अलार्मः सायरन व पैनिक अलार्म बैंक में 3-4 उपयुक्त व सुविधाजनक स्थानों पर लगाए जाएं। सभी बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसके उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाए तथा समय-समय पर यह चेक किया जाए कि अलार्म चालू हालत में हैं या नहीं। साथ ही, बैंकों में अनिवार्य रूप से चैनल गेट लगे हों।
3.सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग: बैंक में कोई भी ऐसा स्थान (ब्लाइंड स्पॉट) न छूटे जहां सीसीटीवी की कवरेज न हो। आवश्यकतानुसार कैश काउंटर एरिया के साथ-साथ बैंक के बाहरी क्षेत्रों में भी सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाए जाएं, ताकि बैंक के अंदर और बाहर की हर गतिविधि कैमरे की निगरानी में रहे।
4.सशस्त्र एवं प्रशिक्षित गार्डः एटीएम एवं बैंकों में लगाए जाने वाले सुरक्षा गार्ड केवल अधिकृत सुरक्षा एजेंसी के ही हों। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि वे पूरी तरह से प्रशिक्षित और शस्त्रधारी हों।
5.पुलिस वेरिफिकेशनः बैंकों द्वारा नियुक्त किए जाने वाले सभी प्राइवेट सुरक्षा गार्डों एवं रिकवरी एजेंटों का पुलिस वेरिफिकेशन (Police Verification) अनिवार्य रूप से कराया जाए।

