अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन
Junaid Khan - शहडोल। जयसिंहनगर। हर साल 29 जुलाई 2026 को अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य बाघों के संरक्षण, उनके प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा और उनके सामने आने वाले खतरों के प्रति वैश्विक जागरूकता बढ़ाना है। बाघों के संरक्षण एवं पर्यावरण में बाघ की भूमिका की विस्तृत जानकारी देने के उद्देश्य से वन विभाग की टीम द्वारा विकास खण्ड जयसिंहनगर के शासकीय हाई स्कूल देवरा में 28 जुलाई 2026 को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान डिप्टी रेंजर आशीष वर्मा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए पर्यावरण में बाघ की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाघ जंगल की सुरक्षा में कितने उपयोगी हैं। बाघों की सुरक्षा को लेकर रेंजर आशीष वर्मा ने छात्र-छात्राओं को जानकारी देते हुए कहा कि वह हमारे हितैषी हैं, अतः उनकी सुरक्षा हमारा दायित्व है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं को बाघों के संरक्षण हेतु शपथ दिलायी गयी। कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा वन एवं वन्य प्राणियों के संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित जानकारियां भी दी गयी। इस दौरान मुख्य रूप से डिप्टी रेंजर आशीष वर्मा, बीटगार्ड राजेन्द्र पुरी, बीट रक्षक मीरा रौतेल एवं अंजू सिंह, विजय शुक्ला, विद्यालय के प्राचार्य धनेंद्र सिंह परिहार, राघवेन्द्र प्रसाद तिवारी सहित विद्यालय के समस्त शैक्षणिक स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
