मॉडिफाइड साइलेंसर से फैला रहे थे शोर,शहडोल पुलिस का 'धमाका' पर कड़ा प्रहार,बुलेट ज़ब्त

एसपी संजय कुमार अग्रवाल के सख्त निर्देश पर यातायात प्रभारी संजय जायसवाल की बड़ी कार्रवाई, नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप 


Junaid Khan - शहडोल। मध्य प्रदेश शासन और गृह विभाग द्वारा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा सड़कों पर शांति व्यवस्था कायम रखने के सख्त निर्देशों के तहत शहडोल पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी है। जिला पुलिस कप्तान डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के स्पष्ट एवं कड़े निर्देशों पर अमल करते हुए शहडोल यातायात थाना पुलिस ने शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले हुड़दंगियों के खिलाफ सीधी व सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस चेकिंग अभियान से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप का माहौल है, जबकि शांतिप्रिय आम नागरिकों और स्थानीय प्रशासन ने पुलिस की इस तत्परता व प्रतिबद्धता की जमकर सराहना की है। अभियान के दौरान यातायात थाना प्रभारी संजय जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सड़कों पर गश्त करते हुए विशेष रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त दोपहिया वाहनों पर पैनी नजर रखी। चेकिंग के दौरान तेज आवाज और पटाखों जैसा शोर निकालने वाली दो मोटरसाइकिलों पर तत्काल चालानी कार्रवाई की गई और उनसे जुर्माना वसूला गया। वहीं, अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण फैलाकर राहगीरों व रहवासियों के लिए आफत बनी एक बुलेट मोटरसाइकिल को मौके पर ही ज़ब्त कर लिया गया। उल्लेखनीय है कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत फैंसी व अमानक नंबर प्लेट, बिना आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर हाल ही में 16 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर ₹9,000 का शमन शुल्क भी अधिरोपित किया गया है, जो पुलिस की मुस्तैदी को दर्शाता है। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के इस जनहितैषी रुख और यातायात प्रभारी संजय जायसवाल की मुस्तैद कार्यशैली से यह संदेश साफ हो गया है कि शहर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सड़कों पर बेखौफ होकर शोर मचाने वाले और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले मनचलों पर पुलिस का यह चाबुक आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन का यह कदम न केवल ध्वनि व वायु प्रदूषण पर लगाम लगा रहा है, बल्कि आम जनता को सुरक्षित, सुगम और शांत वातावरण प्रदान करने की दिशा में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी मंशा को भी पूरी मजबूती से धरातल पर उतार रहा है।

Previous Post Next Post