कोतवाली पुलिस ने जारी किया इश्तेहार,सुरक्षा व शिनाख्त पर खड़े हुए कई बड़े सवाल
Junaid Khan - शहडोल। जिला अस्पताल परिसर शहडोल में बीते 31 मार्च 2026 को मिले एक अज्ञात पुरुष (उम्र लगभग 40 वर्ष) के शव के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर अब तक की छानबीन के बाद आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए इश्तहार जारी किया है। अस्पताल जैसे अति-सुरक्षित एवं व्यस्तम सार्वजनिक परिसर में गंभीर रूप से चोटिल/लहूलुहान अवस्था में व्यक्ति की मौत होना तथा महीनों बीत जाने के बाद भी मृतक की पहचान न हो पाना, स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और अस्पताल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मामला थाना कोतवाली शहडोल में मर्ग क्रमांक-41/2026, धारा 194 बी.एन.एस.एस. (BNSS) के तहत पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों और संपूर्ण थाना क्षेत्र में काफी छानबीन का दावा किया है, लेकिन अब तक मृतक का कोई सुराग नहीं लग सका है। घटना के इतने माह बीत जाने के बाद भी शिनाख्त न होना न केवल स्वास्थ्य केंद्र की सुरक्षा निगरानी की पोल खोलता है, बल्कि पुलिस के प्राथमिक जांच के दावों को भी कठघरे में खड़ा करता है। जिला अस्पताल परिसर जहां 24 घंटे सुरक्षा कर्मियों की तैनातगी और सीसीटीवी कैमरों का पहरा होने का दावा किया जाता है, वहां एक 40 वर्षीय व्यक्ति इस हाल में कैसे पहुंचा और उसकी मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इसका जवाब देने से जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी बच रहे हैं। कोतवाली पुलिस प्रशासन के लिए यह मामला एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी एवं जांच अधिकारी प्रधान आरक्षक (143) शैलेंद्र कुमार द्वारा जारी सूचना के अनुसार, मृतक के संबंध में सटीक और प्रामाणिक जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा उसे उचित इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा। तथ्य एवं संपर्क सूत्र (सूचना देने हेतु): मृतक का विवरण: पुरुष, उम्र लगभग 40 वर्ष (चेहरे पर गंभीर चोट के निशान)। घटना स्थल व दिनांक: जिला अस्पताल परिसर, शहडोल। 31 मार्च 2026. प्रासंगिक धारा/मर्ग: मर्ग क्र. 41/2026, धारा 194 BNSS (थाना कोतवाली, शहडोल).संपर्क नंबर: थाना प्रभारी (राघवेंद्र तिवारी): 7999435248,प्रधान आरक्षक (शैलेंद्र कुमार): 9691989903, 7049144166,कंट्रोल रूम शहडोल: 7049101052,संपादकीय टिप्पणी: यदि किसी नागरिक को इस व्यक्ति के संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो वे तुरंत उपर्युक्त पुलिस संपर्क नंबरों पर सूचित कर एक नागरिक के रूप में सहयोग प्रदान करें।
